विश्व पर्यावरण दिवस पर शिशु निकेतन विद्यालय में पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

विश्व पर्यावरण दिवस पर शिशु निकेतन विद्यालय में पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



गुवाहाटी, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्या, उप प्रधानाचार्या , शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वीकार की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधों के महत्व तथा पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय मे विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण, जल संरक्षण तथा जैव विविधता संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्या ने कहा कि पर्यावरण केवल प्रकृति का विषय नहीं, बल्कि हमारे जीवन और भविष्य से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में ऐसे छोटे-छोटे कदम उठाएँ जो पर्यावरण संरक्षण में सहायक हों, जैसे जल की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता बनाए रखना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना।

प्रधानाचार्या महोदया ने विद्यार्थियों से आग्रह करते हुए अपनी - अपनी माताओं के नाम पर एक पौधे या वृक्ष का रोपण करने की सलाह दी। प्रधानाचार्या महोदया ने इस वर्ष के पर्यावरण दिवस के खास विषय - वस्तु " प्रकृति से प्रेरित! जलवायु के लिए! हमारे भविष्य के लिए! , इस थीम से प्रेरित होकर लोगों में जागरूकता फैलाने की सलाह दी। 

विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति बन सकती है और अपने सकारात्मक प्रयासों से समाज में सार्थक बदलाव ला सकती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें