लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा आयोजित लोकप्रिय ऑनलाइन संगीत प्रतियोगिता *गीत गाता चल* सीजन 3 का सेमीफाइनल राउंड अत्यंत सफल एवं यादगार रहा। वर्चुअल मंच पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट गायन प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायकों के लिए फाइनलिस्टों का चयन करना चुनौतीपूर्ण कार्य बन गया।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका लायन सुधा शर्मा तथा सह-संयोजिका लायन रूपा गग्गड और प्रमुख सलाहकार लायन सुरेश गग्गड एवं नीरु काबरा के अथक परिश्रम, समर्पण एवं कुशल योजना ने इस आयोजन को एक भव्य संगीत उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य संचालक लायन अरविंद केजरीवाल ने अपनी सहज हास्य शैली और रोचक टिप्पणियों से पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा एवं उत्साह बनाए रखा, जिससे दर्शक अंत तक जुड़े रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी टीम की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। धीरज एवं नेहा गग्गर ने तकनीकी सहायता एवं स्क्रीन शेयरिंग की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। वहीं विहान एवं कुवम शर्मा ने अपने पिता लायन शांतनु शर्मा के साथ मिलकर तकनीकी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। उनके समर्पित सहयोग के कारण ही कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर लायंस जिला 322 जी के जिलापाल लायन पंकज पोद्दार ने धुबरी से ऑनलाइन जुड़कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा ने स्विट्जरलैंड से कार्यक्रम में जुड़कर सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत किया तथा आयोजन के प्रमुख प्रायोजक टोपसेम सिमेन्ट के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस संगीतमय कार्यक्रम की संयोजक लायन सुधा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों और चयनित फाइनलिस्टों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि अब सभी की निगाहें आगामी 27 जून को आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने कहा कि मंच सज चुका है, सुर तैयार हैं और संगीत प्रेमी एक और शानदार संध्या का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें