गुवाहाटी, मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ कामाख्या के पावन अम्बुबाची महोत्सव के अवसर पर सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। 21 जून 2026 को सायं 4 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा शिविर के उद्घाटन के साथ एक विशेष "माँ सम्मान समारोह" का भी आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित सभी जनों को भावुक एवं गौरवान्वित कर दिया।
शाखा अध्यक्ष युवा शिव मोर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन सभी के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि माँ कामाख्या केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि सृष्टि, शक्ति, मातृत्व और सृजन का प्रतीक हैं। अम्बुबाची पर्व नारी शक्ति और मातृत्व के सम्मान का संदेश देता है, जो भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
कार्यक्रम के संयोजक युवा केशव गट्टाणी एवं युवा हर्ष खेमका ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा ने इस वर्ष भी अपने पारंपरिक सेवा शिविर को नई दिशा देते हुए सेवा एवं संस्कारों के अद्भुत संगम के रूप में "माँ सम्मान समारोह" का आयोजन किया। इस अवसर पर शाखा के अनेक पूर्व अध्यक्षों एवं सदस्यों ने अपनी माताओं के चरण धोकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मंच की ओर से उन्हें दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं संस्कारों की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बताया।
उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ यह सेवा शिविर संपूर्ण अम्बुबाची मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर सक्रिय रहेगा। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें मेले के दौरान सुविधा एवं सहयोग प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में सदस्यों ने उपस्थित होकर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने सेवा, संस्कार एवं मातृ सम्मान के इस अद्भुत संगम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
युवा रवि गोयल ने सभी सदस्यों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने विशेष रूप से युवा साथियों की सराहना की, जो अपनी ऊर्जा, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ सेवा शिविर को सफल बनाने में निरंतर जुटे हुए हैं।
शाखा ने सभी समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं से सेवा शिविर में सहभागी बनकर सेवा एवं पुण्य के भागी बनने का आह्वान किया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें