हरे कृष्ण मूवमेंट गुवाहाटी की 14वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भव्य श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

हरे कृष्ण मूवमेंट गुवाहाटी की 14वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भव्य श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न



गुवाहाटी, हरे कृष्ण मूवमेंट (एचकेएम) गुवाहाटी द्वारा आयोजित 14वां श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव गुरुवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। गुवाहाटी सहित असम के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव और देवी सुभद्रा के पावन रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।


रथ यात्रा का शुभारंभ नॉर्थ गुवाहाटी स्थित हरे कृष्ण मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और मंगल आरती के साथ हुआ। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान श्री जगन्नाथ की परंपरागत 'छेरा पहरा' (स्वर्ण झाड़ू सेवा) का आयोजन किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने रथ के मार्ग पर झाड़ू लगाकर सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश दिया। इसके बाद भगवान का दिव्य रथ लगभग आठ किलोमीटर की यात्रा करते हुए ऐतिहासिक दौल गोविंद मंदिर पहुंचा।


इस अवसर पर कामरूप के जिला आयुक्त देबा कुमार मिश्रा, गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ननी गोपाल महंता, एम्स गुवाहाटी के निदेशक प्रो. (डॉ.) अशोक पुराणिक, मुख्य महाप्रबंधक ज्ञानरंजन सामल, दिव्य रथ के दाता अजय पोद्दार, दीपशिखा फाउंडेशन की सचिव डॉ. मृण्मोई बरुवा तथा हरे कृष्ण मूवमेंट गुवाहाटी के अध्यक्ष जनार्दन दास सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


सुसज्जित हाथियों, विभिन्न हरिनाम संकीर्तन मंडलियों, शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने रथ यात्रा को और अधिक आकर्षक बना दिया। संपूर्ण यात्रा मार्ग हरे कृष्ण महामंत्र के अखंड संकीर्तन से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।


यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद, आध्यात्मिक पुस्तकें और हरे कृष्ण महामंत्र कार्ड वितरित किए गए। विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शीतल पेय और खिचड़ी महाप्रसाद की सेवा की गई। दौल गोविंद मंदिर पहुंचने पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य रात्रि महाप्रसाद का आयोजन किया गया।


रथ यात्रा के सफल संचालन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई। जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


हरे कृष्ण मूवमेंट गुवाहाटी के अध्यक्ष जनार्दन दास ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भगवान की असीम कृपा, विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक आनंद का महापर्व है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, स्वयंसेवकों, दानदाताओं, प्रशासन, मीडिया और समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।


दिव्य रथ के दाता अजय पोद्दार ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की सेवा का अवसर उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उनके अनुसार रथ खींचना और हजारों भक्तों के साथ इस दिव्य उत्सव में सहभागी बनना जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव है।


कार्यक्रम के समापन पर हरे कृष्ण मूवमेंट गुवाहाटी ने असम सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वयंसेवकों, दानदाताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें