ग्रीष्मकालीन मूक अभिनय कार्यशाला का शुभारंभ, 15 दिनों तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

ग्रीष्मकालीन मूक अभिनय कार्यशाला का शुभारंभ, 15 दिनों तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण



गुवाहाटी, राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग एवं कामरूप (महानगर) जिला प्रशासन की पहल तथा सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था निर्वाक के सहयोग से मध्य गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र स्तरीय 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन मूक अभिनय कार्यशाला का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ।


आर्य विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक एवं बहुमुखी विद्यालय में आयोजित उद्घाटन समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यशाला आगामी 15 दिनों तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगी, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को मूक अभिनय की बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।


उद्घाटन समारोह में आर्य विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्सुद्दीन अहमद, शिक्षिका अनुपमा रानी दास तालुकदार, दीपाली कुमार डेका, लेखक एवं समाजसेवी गोपाल जालान, शिक्षक सुभाष दास, हिरण्य कुमार नाथ, विक्रम प्रसाद दास, रूपाली गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार रक्ताभ ज्योति बोरा, जगदीश डेका, वार्ड पार्षद ब्रजेश राय तथा कार्यशाला के पर्यवेक्षक रंजन कुमार भट्टाचार्य, कमलेंदु भराली और राजर्षि शंकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए मूक अभिनय जैसी सृजनात्मक कला के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रशिक्षणार्थियों को पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के प्रारंभ में सहयोगी संस्था निर्वाक के संचालक, कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक एवं लोकप्रिय मूक अभिनेता मृनांक डेका ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं प्रशिक्षण की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से समय की पाबंदी, नियमित उपस्थिति और अनुशासन का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि इन गुणों के माध्यम से ही मूक अभिनय जैसी विशिष्ट कला में दक्षता प्राप्त की जा सकती है।


यह कार्यशाला विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें