गुवाहाटी को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम का सख्त अभियान, 16 प्रकार के उल्लंघनों पर जुर्माना - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

गुवाहाटी को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम का सख्त अभियान, 16 प्रकार के उल्लंघनों पर जुर्माना



गुवाहाटी, स्वच्छ भारत मिशन की रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) ने स्वच्छता नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगम ने 16 प्रकार के स्वच्छता उल्लंघनों पर अलग-अलग जुर्माने का प्रावधान लागू किया है।


नगर निगम के मेयर मृगेन शरणिया ने शुक्रवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि गुवाहाटी देश के प्रमुख शहरों में अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंदगी से न केवल शहर की छवि प्रभावित होती है, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।


मेयर ने बताया कि नालों को अवरुद्ध करने, उनमें कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट फेंकने पर 25,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। सफाई कर्मचारियों या स्वच्छता कार्य में लगे स्वयंसेवी संगठनों के साथ दुर्व्यवहार या बाधा उत्पन्न करने पर भी कार्रवाई की जाएगी।


इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, दीवारों, फ्लाईओवरों और विद्युत खंभों पर पोस्टर या बैनर चिपकाने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। हानिकारक अपशिष्टों के अवैध निष्कासन तथा सरकारी या सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री रखने पर 2,000 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।


नदियों, जलाशयों और नालों में कचरा फेंकने पर 1,000 रुपये, प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के उपयोग पर 500 रुपये, सार्वजनिक स्थानों पर मूत्र त्याग करने पर 500 रुपये तथा पान, तामुल, गुटखा आदि की पीक थूकने पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उद्यानों एवं पर्यटन स्थलों पर कचरा फैलाने तथा पेड़ों की शाखाएं काटकर सड़क या नालों में फेंकने पर भी 500 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।


मेयर ने स्पष्ट किया कि जिन दुकानों के सामने लगातार कचरा पाया जाएगा, उनका व्यापार लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। वहीं अस्पतालों में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन मिलने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि अस्पताल बंद करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।


उन्होंने महिला समितियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही बताया कि नियमों के उल्लंघन की सूचना देने के लिए नगर निगम ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। सही सूचना देने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत भी किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें