निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु 20 मरीज गुवाहाटी रवाना - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु 20 मरीज गुवाहाटी रवाना

 



तेजपुर, मारवाड़ी युवा मंच, तेजपुर जागृति शाखा द्वारा लायंस क्लब ऑफ तेजपुर ग्रेटर एवं गौहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन अभियान के अंतर्गत आज 20 मरीजों को ऑपरेशन हेतु गुवाहाटी रवाना किया गया।


ज्ञातव्य है कि दिनांक 23 जून को आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 38 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई थी। जांच के दौरान कई मरीज उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह (शुगर) से भी पीड़ित पाए गए, जिसके कारण उनका तत्काल ऑपरेशन संभव नहीं था। ऐसे मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देते हुए शुगर एवं रक्तचाप नियंत्रित रखने की सलाह दी गई तथा स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुनः जांच कराने का अनुरोध किया गया।


सभी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षणों एवं चिकित्सकीय मानकों के आधार पर अंततः 20 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु किया गया। आज इन मरीजों के साथ 7 सहयोगी परिजनों (अटेंडेंट्स) को भी गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल भेजा गया। मरीजों को कामरूपिया नामघर, तेजपुर से शुभकामनाओं एवं मंगल प्रार्थना के साथ रवाना किया गया।


आयोजकों ने बताया कि चयनित मरीजों के लिए यात्रा, आवास, भोजन, चिकित्सकीय जांच, ऑपरेशन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सभी व्यवस्थाओं एवं व्ययों का वहन मारवाड़ी युवा मंच, तेजपुर जागृति शाखा, लायंस क्लब ऑफ तेजपुर ग्रेटर एवं गौहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी वित्तीय बोझ के गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त हो सके।


मारवाड़ी युवा मंच, तेजपुर जागृति शाखा की स्वास्थ्य संयोजिका मधु जैन ने सभी मरीजों के सफल ऑपरेशन, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं सुरक्षित घर वापसी की मंगलकामना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


सेवा, समर्पण और मानवता के इस प्रयास के माध्यम से संस्था जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्यरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें