मोरान बृहत्तर असमिया मारवाड़ी समाज ने बाढ़ पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मोरान बृहत्तर असमिया मारवाड़ी समाज ने बाढ़ पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री



पवन मोर


मोरान: मोरान बृहत्तर असमिया मारवाड़ी समाज के बैनर तले समाज की तीनों प्रमुख समाजसेवी संस्थाओं—मारवाड़ी सम्मेलन, मोरानहाट शाखा; अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, मोरानहाट शाखा; तथा मारवाड़ी युवा मंच, मोरानहाट शाखा—के नेतृत्व में एवं श्री साईं सेवा समिति की सहभागिता से लगभग 30 पुरुष एवं महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने आज सुबह राहत सामग्री लेकर मोरान से प्रस्थान किया। प्रतिनिधिमंडल ने दिशांगमुख ब्लॉक के अंतर्गत कई बाढ़ग्रस्त अंदरूनी गांवों में जाकर बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जाना तथा उन्हें राहत सामग्री का वितरण किया।


इस राहत सामग्री में पर्याप्त मात्रा में मिनरल वाटर, बिस्किट के पैकेट, ब्रेड के पैकेट, प्रत्येक पीड़ित परिवार के लिए एक-एक मच्छरदानी, पुराने कपड़े, मच्छरदानी बांधने के लिए एक-एक छोटा प्लास्टिक की रस्सी का गुच्छा, महिलाओं के लिए विशेष रूप से सैनिटरी पैड के पैकेट तथा प्रत्येक परिवार के लिए एक-एक राशन एवं राहत सामग्री का थैला शामिल था। थैले में चिड़वा, चीनी, मच्छर अगरबत्ती का एक-एक पैकेट, माचिस, मोमबत्ती का एक-एक पैकेट, दो-दो पैकेट बिस्किट तथा एक-एक बोतल मिनरल वाटर आदि रखे गए थे।


एक गांव में सरकारी मोबाइल हेल्थ चेकअप कैंप भी चल रहा था। इस अभियान के तहत लगभग 200 से अधिक परिवारों तक राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। उस समय आत्मिक संतुष्टि की अनुभूति हुई, जब जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत की सांस दिखाई दी।


पीड़ितों ने कहा कि खाद्य सामग्री, राशन और मिनरल वाटर तो उन्हें कई लोगों से मिला है, लेकिन मच्छरदानी और उसे बांधने के लिए रस्सी देकर इतनी दूर तक की सोच दिखाने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।


इस प्रतिनिधिमंडल में सम्मेलन परिवार की ओर से अध्यक्ष बिनोद अग्रवाल, सचिव छगनलाल माड़ोदिया, कोषाध्यक्ष विजय मोर, उपाध्यक्ष सुशील बेड़िया, प्रांतीय मंडलीय सहायक मंत्री पवन मोर, शाखा सह-सचिव मनोज मिंडिया एवं दीपक अग्रवाल; महिला सम्मेलन परिवार की ओर से अध्यक्ष प्रभा अग्रवाल, सचिव सुनीता जैन एवं कोषाध्यक्ष सुजाता मिंडिया; युवा मंच परिवार की ओर से अध्यक्ष स्वीटी शर्मा, सचिव मनीष बेड़िया, कोषाध्यक्ष शंभू सुरेका, सह-सचिव राहुल बेड़िया तथा कार्यकारिणी सदस्य उत्सव मोर, रोहित बेड़िया, आदिश अग्रवाल एवं विवेक पसारी; तथा साईं सेवा समिति की ओर से कमल अग्रवाल, राजेश पसारी, रमेश शर्मा, बिक्की बेड़िया, सुशील अग्रवाल, पुष्पा जैन, कुसुम मित्तल, सुमन करवा, गिरिजा अग्रवाल एवं पिंकी पसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


इस आयोजन पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए तीनों संस्थाओं के प्रमुख बिनोद अग्रवाल, प्रभा अग्रवाल एवं स्वीटी शर्मा ने कहा कि सही मायने में यही मानव सेवा है। बाढ़ के कहर से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और लोगों में त्राहि-त्राहि मची हुई है। ऐसे में केवल प्रशासन अकेले हर पीड़ित तक शायद नहीं पहुंच पाए, इसलिए स्वयंसेवी संस्थाओं का नैतिक कर्तव्य बनता है कि जब-जब समाज प्राकृतिक आपदाओं से ग्रस्त हो, तब-तब सेवाभाव से राहत कार्य के लिए सदैव तत्पर रहें।


उन्होंने कहा कि इस राहत शिविर के लिए मोरान मारवाड़ी समाज के दानदाताओं ने खुले दिल से आर्थिक सहयोग दिया, जिसके कारण व्यापक स्तर पर राहत सामग्री का वितरण किया जा सका। इन दानदाताओं में खोंवांग तथा सेपोन के लोगों का भी सहयोग शामिल रहा। उन्होंने सभी दानदाताओं का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर अगले चरण में किसी अन्य पीड़ित क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं प्रदान करने से पीछे नहीं हटेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें