लायंस क्लब लखीमपुर को मिला नया नेतृत्व: सुशील कुमार शुक्ला ने अध्यक्ष, मनोज कुमार भारद्वाज ने सचिव पद की संभाली जिम्मेदारी - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लायंस क्लब लखीमपुर को मिला नया नेतृत्व: सुशील कुमार शुक्ला ने अध्यक्ष, मनोज कुमार भारद्वाज ने सचिव पद की संभाली जिम्मेदारी

 


डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, उत्कृष्ट सेवा देने वाले सदस्यों को मिला प्रेसिडेंशियल पुरस्कार


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की संयुक्त रिपोर्ट 


लखीमपुर, विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल की लखीमपुर शाखा के सत्र 2026-27 के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को लखीमपुर बाईपास स्थित रेनबो फैमिली रेस्टोरेंट के सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में समाजसेवा, नेतृत्व और संगठनात्मक दायित्वों के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम में सुशील कुमार शुक्ला ने लायंस क्लब लखीमपुर के नए अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। उनके साथ मनोज कुमार भारद्वाज ने सचिव तथा पवन राठी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ लेकर अपने-अपने दायित्वों का कार्यभार ग्रहण किया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322D की नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन डॉ. नीना दत्ता ने मुख्य अतिथि एवं चीफ इंस्टालेशन ऑफिसर के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक फूलन गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. निशांत राजकाकोती ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता के व्यक्तित्व, सामाजिक योगदान तथा लायंस क्लब के प्रति उनके उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनका परिचय प्रस्तुत किया। निवर्तमान अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सचिव मनोज कुमार भारद्वाज ने सत्र 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियों तथा उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब का अंतरराष्ट्रीय कार्यकाल प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई से 30 जून तक निर्धारित होता है और इस अवधि में क्लब ने अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए। समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा देने वाले क्लब के सक्रिय सदस्यों को 'प्रेसिडेंशियल पुरस्कार' प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं मुख्य अतिथि एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता को सम्मान स्वरूप असम की पारंपरिक पीतल की जपी तथा चैलेंग चादर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न लायंस क्लबों के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। इनमें रीजन चेयरपर्सन (रीजन-2) लायन रक्तिम गोगोई, जोन चेयरपर्सन (जोन-4) लायन मानिक लाल दमानी, जोन चेयरपर्सन (जोन-3) लायन पल्लवी तमोली कोंवार, लायंस क्लब डिब्रूगढ़ के सचिव लायन संजीव चटर्जी, लायंस इंटरनेशनल बंदरदेवा ग्रेटर के अध्यक्ष राजीव दत्ता सहित डॉ. ए.के. बुरागोहाई, डॉ. ए. रहमान, डॉ. ए.एस. तालुकदार, डॉ. यू.एन. दत्ता, डॉ. सरिता राय राजकाकोती, डॉ. मून रुद्रापाल, सुधीर सहरावत, रेखा सहरावत, देवानंद शर्मा, सुभाष यादव, जमुना प्रसाद साह, गिरधर अग्रवाल, योगेश अग्रवाल तथा जसविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालना गर्व की बात है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से समाज सेवा, मानवता की सेवा और संगठन की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। रीजन चेयरपर्सन, जोन चेयरपर्सन एवं निवर्तमान अध्यक्ष ने भी नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी समाजहित में अनेक प्रभावी एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम के अंत में लायन गोपाल चौधरी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ, जिसके उपरांत सभी उपस्थित सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामूहिक भोज का आनंद लिया। लायंस क्लब लखीमपुर शाखा के नवनियुक्त सचिव मनोज कुमार भारद्वाज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नई कार्यकारिणी समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मानवीय सहायता के क्षेत्र में क्लब की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें