लायंस क्लब लखीमपुर प्रेरणा को मिला नया नेतृत्व, तजवर सुल्ताना तालुकदार बनीं नई अध्यक्ष - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लायंस क्लब लखीमपुर प्रेरणा को मिला नया नेतृत्व, तजवर सुल्ताना तालुकदार बनीं नई अध्यक्ष



लखीमपुर में विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल की शाखा लायंस क्लब लखीमपुर प्रेरणा के सत्र 2026-27 के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा के प्रति समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

रविवार को लखीमपुर बाईपास स्थित रेनबो फैमिली रेस्टोरेंट के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती तजवर सुल्ताना तालुकदार ने क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं डॉ. मंदिरा शर्मा चालिया ने सचिव तथा श्रीमती उर्मिला दिनोदिया ने कोषाध्यक्ष का कार्यभार संभाला।

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322D की नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता ने मुख्य अतिथि एवं चीफ इंस्टॉलेशन ऑफिसर के रूप में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों का पारंपरिक फूलन गमछा पहनाकर स्वागत करने से हुई।

इस अवसर पर डॉ. निशांत राजकाकोती ने डॉ. नीना दत्ता के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि निवर्तमान सचिव उर्मिला दिनोदिया ने वर्ष 2025-26 की सेवा गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

समारोह में डॉ. नीना दत्ता को सम्मान स्वरूप पारंपरिक पीतल की जपी और चैलेंग चादर भेंट की गई। कार्यक्रम में रीजन चेयरपर्सन रक्तिम गोगोई, जोन चेयरपर्सन माणिक लाल दमानी, पल्लवी तमोली कोंवार, संजीव चटर्जी, राजीव दत्ता सहित कई वरिष्ठ लायंस पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अतिथियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया। अंत में लायन गोपाल चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें