पूजा माहेश्वरी
नगांव, मारवाड़ी युवा मंच, नगांव समृद्धि शाखा के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण, भावनात्मक एवं अविस्मरणीय रहा 14 जुलाई का दिन। वर्ष 2021 में सेवा, संगठन एवं संस्कारों के उद्देश्य से स्थापित मायुंम समृद्धि शाखा ने अपने सफल छह वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण करते हुए अपना छठवाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर शाखा की स्थापना में संस्थापक अध्यक्षा रिंकू गिदड़ा के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं अमूल्य योगदान का विशेष स्मरण करते हुए उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य विनीत मोर, विवेक तोदी, संस्थापक अध्यक्षा रिंकू जी गीदड़ा एवं पूर्व अध्यक्षा ममता जी सिंघी की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने शाखा की निरंतर प्रगति, सेवा कार्यों एवं संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी ऊर्जा और एकजुटता के साथ समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर शाखा के सभी पूर्व पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल में दिए गए अमूल्य योगदान, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं संगठन के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। उनके अथक प्रयासों एवं मार्गदर्शन से ही शाखा ने निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं। इस शुभ अवसर पर प्रांत द्वारा प्रारंभ की गई नई सेवा परियोजना "संजीवनी किट" का विधिवत शुभारंभ भी किया गया। यह परियोजना आवश्यकता पड़ने पर समाज के लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सहायता पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस सेवा परियोजना को साकार करने में शाखा सदस्या श्रीमती पूनम बगड़िया का विशेष योगदान रहा, जिसके लिए शाखा परिवार ने उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर स्थापना दिवस का केक काटा और छह वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। विभिन्न मनोरंजक खेलों, समूह गतिविधियों एवं हँसी-खुशी से भरपूर कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। सभी सदस्यों ने पूरे जोश एवं आत्मीयता के साथ सहभागिता निभाई, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया। अंत में सभी के लिए स्वादिष्ट अल्पाहार की व्यवस्था की गई। समृद्धि शाखा का यह स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संगठन की एकता, सेवा, समर्पण, संस्कार एवं निरंतर प्रगति का प्रेरणादायी उत्सव रहा। शाखा भविष्य में भी समाजहित एवं जनसेवा के विविध कार्यों के माध्यम से संगठन का गौरव बढ़ाते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें