मुख्यमंत्री राहत कोष में अनफर फाउंडेशन ने दिए 20 लाख रुपये - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मुख्यमंत्री राहत कोष में अनफर फाउंडेशन ने दिए 20 लाख रुपये





बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए राहत कार्य जारी रखने का संकल्प


पूजा माहेश्वरी

नगांव। राज्य में जारी बाढ़ एवं अन्य आपदाजनक परिस्थितियों से प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से होजाई की स्वयंसेवी संस्था अनफर फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

अनफर फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक, समाजसेवी एवं असम राज्य जमीयत उलेमा के अध्यक्ष मौलाना मुस्ताक अनफर ने 17 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान ऊपरी असम में बाढ़ एवं कटाव की गंभीर स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इसी अवसर पर फाउंडेशन की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 20 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

बैठक में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी, कार्यकारी सदस्य बेगम अख्तरा, अनफर फाउंडेशन के महासचिव फिरोज अहमद लस्कर तथा पदाधिकारी सफीकुल हक और फकरुल इस्लाम उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मौलाना मुस्ताक अनफर एवं अनफर फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने ऊपरी असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए फाउंडेशन द्वारा घोषित 2 करोड़ 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा अब तक किए गए राहत कार्यों के लिए भी आभार व्यक्त किया।

अनफर फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत अभियान लगातार जारी रहेगा। संस्था का उद्देश्य आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें