रमेश मुंदड़ा
होजाई: होजाई जिले के जिला आयुक्त संजय दत्ता ने मंगलवार को फरमारपार उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के शैक्षणिक माहौल, छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं और पठन-पाठन की प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला आयुक्त ने विद्यार्थियों के बीच स्कूल ड्रेस (यूनिफॉर्म) का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने छात्रों के साथ आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्कूल के अनुभवों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने नियमित अध्ययन करने, अनुशासित जीवन जीने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब देखने को मिला जब जिला आयुक्त खुद शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्रों को पढ़ाया और कई विषयों पर चर्चा की। जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी को इस तरह सीधे पढ़ाते देख शिक्षक और छात्र बेहद उत्साहित नजर आए।
प्रशासन के इस अनोखे प्रयास से न केवल छात्रों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी, बल्कि स्कूल के शैक्षणिक वातावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस दौरे के दौरान आयुक्त के साथ अतिरिक्त जिला आयुक्त (शिक्षा) नीतिशा बोरा और स्कूल निरीक्षक रंजन डेका भी मौजूद रहे।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें