सोयल खेतान, रोहा
आज पवित्र श्रावण माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर रोहा और चापरमुख के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने देवों के देव भगवान महादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं, नव सूरज संघ, रोहा ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के बीच अन्न सेवा का आयोजन किया।
पवित्र श्रावण माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर रोहा एवं चापरमुख क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों और शिवालयों में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रोहा के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपने परिवार के साथ भगवान महादेव को जल, दूध, दही, दूर्वा, बेलपत्र, फल एवं फूल अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की तथा देश, समाज और परिवार की मंगलमय एवं सुखमय जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र "हर-हर महादेव" और "जय भोलेनाथ" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
श्रावण माह के प्रथम रविवार को कांवड़ियों ने रेंगबेंग सहित विभिन्न क्षेत्रों से जल लाकर प्रथम सोमवार की प्रातः भगवान महादेव का जलाभिषेक किया।
वहीं, नव सूरज संघ, रोहा के सदस्यों ने रविवार सायं 7 बजे कमारजान शिव मंदिर के समक्ष राष्ट्रीय राजमार्ग-37 से गुजर रहे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण कर अन्न सेवा प्रदान की।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें