रमेश मुंदड़ा
होजाई: देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में होजाई जिला प्रशासन ने 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया है, जो 17 अगस्त तक चलेगा। इस वर्ष का यह आयोजन इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि यह "वंदे मातरम" की 150वीं वर्षगांठ के साथ मनाया जा रहा है, जो देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को नए सिरे से जीवित करने का संदेश देता है।
इस अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित जिला मुख्यालय में रविवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला आयुक्त (एडीसी) पूजा दास, प्रभारी डीआईपीआरओ व सहायक आयुक्त राखीश्री लखारू और सहायक आयुक्त रूबू बोरा ने मीडिया को संबोधित करते हुए पूरे सप्ताह चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान पूरे जिले में जन-जागरूकता और जन-संपर्क कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज और वंदे मातरम के गौरवशाली इतिहास को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही नागरिकों में देशभक्ति का संचार करने और उत्सव का माहौल बनाने के लिए मुख्य बाजारों और रेलवे स्टेशनों को तिरंगे की रोशनी से जगमगाया जाएगा।
अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में भी कई तरह की प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 10 अगस्त को पीएम श्री नीलबागान मॉडल हाई स्कूल में क्विज प्रतियोगिता, 11 अगस्त को होजाई गर्ल्स कॉलेज में रंगोली प्रतियोगिता और 13 अगस्त को रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी सह क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शामिल है।
इस पूरे अभियान का मुख्य आकर्षण 12 अगस्त को निकलने वाली विशाल 'तिरंगा बाइक रैली' होगी, जो बिहुतोली रोड, नीलबागान और श्रीमंत शंकरदेव नगर से होकर गुजरेगी। इसके अलावा, आम जनता को राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी साझा करने के लिए प्रेरित करने वाला एक डिजिटल अभियान भी चलाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर विशेष फिल्म स्क्रीनिंग और लमडिंग में कैंडललाइट मार्च निकाला जाएगा। 17 अगस्त को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ इस अभियान का समापन होगा। जिला प्रशासन ने इस पूरे आयोजन में स्थानीय निवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें