मारवाड़ी सम्मेलन बरपेटा रोड शाखा द्वारा बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का अनूठा प्रयास - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मारवाड़ी सम्मेलन बरपेटा रोड शाखा द्वारा बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का अनूठा प्रयास

 


मारवाड़ी सम्मेलन, बरपेटा रोड शाखा की ओर से स्थानीय श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में समाज के बच्चों के लिए शिव लिंगाष्टकम वाचन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति रुचि, संस्कार और जागरूकता बढ़ाने के साथ भारतीय सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना था।


प्रतियोगिता में कुल 21 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया—6 से 11 वर्ष के वर्ग में 12 बच्चे तथा 12 से 18 वर्ष के वर्ग में 9 बच्चों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को धनराशि के साथ प्रमाण-पत्र एवं असमिया फुलाम गमछा प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं में दीपशिखा माहेश्वरी, पूरब धीरासरिया, मानया जाजोदिया, प्राची सिंह, लवराज शर्मा एवं लक्ष्मी प्रजापत शामिल रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा सचिव कमल खेमका के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात निर्णायक मंडल के सदस्य पं. रत्नेश तिवाड़ी, श्री हरि किशन माहेश्वरी एवं प्रो. डॉ. जवाहर लाल नाहाटा का मंचासीन कर स्वागत किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष संजय घिड़िया, महिला शाखा अध्यक्ष सुमित्रा जैन, श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के अध्यक्ष श्री कैलाश सराफ एवं समाजसेवी श्री शिव रतन राठी सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन इस कार्यक्रम के दोनो संयोजक एवं शाखा के कोषाध्यक्ष श्री संजय जाजोदिया एवं शाखा के सह-सचिव श्री रवि प्रकाश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। दोनों ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से संचालित करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।


इस आयोजन की सफलता में स्थानीय "गीता क्लास" का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। गीता क्लास की शिक्षिकाओं एवं बच्चों की प्रेरणास्रोत श्रीमती अनुराधा माहेश्वरी, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, श्रीमती धनपति प्रजापत एवं श्रीमती अनीमा सिंह सहित अन्य सदस्यों ने बच्चों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में विशेष सहयोग दिया। मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से उनकी इस पहल एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।


कार्यक्रम के अंत में शाखा सचिव कमल खेमका ने सभी निर्णायकों, अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें