सावन में भक्ति और आस्था का अनुपम उत्सव — श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में भव्य झूलन महोत्सव का शुभारंभ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

सावन में भक्ति और आस्था का अनुपम उत्सव — श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में भव्य झूलन महोत्सव का शुभारंभ



बरपेटा रोड। श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति की ओर से प्रतिवर्ष सावन मास में आयोजित होने वाले पावन एवं भव्य झूलन महोत्सव का शुभारंभ 23 अगस्त को बड़े ही धूमधाम, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। यह महोत्सव 28 अगस्त, पावन पूर्णिमा तक चलेगा। झूलन महोत्सव की भव्यता एवं श्रद्धा के साथ आयोजन के कारण श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी आसपास के क्षेत्र में ‘झूलन मंदिर’ के रूप में विशेष पहचान रखती है।


महोत्सव का विधिवत उद्घाटन असम विधानसभा के अध्यक्ष एवं सरभोग-भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रंजीत कुमार दास के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी समिति के अध्यक्ष कैलाश सराफ द्वारा भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। इसके पश्चात अध्यक्ष कैलाश सराफ ने रंजीत कुमार दास का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया।


उद्घाटन समारोह में बरपेटा रोड नगर पालिका बोर्ड के अध्यक्ष राजा सरकार सहित विभिन्न वार्डों के वार्ड कमिश्नर उपस्थित रहे। समिति की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों का भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।


झूलन महोत्सव के अवसर पर ठाकुरबाड़ी में भगवान श्री राधा-कृष्ण को सुंदर एवं भव्य झूले पर विराजमान कराया गया है। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी, मनमोहक सजावट एवं सुंदर श्रृंगार से सजाया गया है, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है। सावन मास में ठाकुरबाड़ी की यह भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

ठाकुरबाड़ी परिसर के निचले भाग में भी श्री राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सुंदर झांकियां सजाई गई हैं। इन झांकियों के माध्यम से भगवान श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं को मनोहारी रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।


उद्घाटन अवसर पर समाज के अनेक सम्माननीय वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष रूप से बाबूलाल मोर, गौरीशंकर खेमका, शिवरतन राठी , नागरमल शर्मा एवं हरिकिशन महेश्वरी सहित अनेक वरिष्ठ समाजबंधुओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। 


महोत्सव के संयोजक गिरधारी शर्मा आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए अपने सहयोगियों के साथ पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ तैयारियों और व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। उनके निरंतर प्रयासों से महोत्सव को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।


श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं से आग्रह किया है कि वे 28 अगस्त, पूर्णिमा तक ठाकुरबाड़ी पहुंचकर भव्य झूलन महोत्सव में सहभागी बनें तथा भगवान श्री राधा-कृष्ण के मनमोहक झूलन दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करें।


अंत में श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति के सचिव समीर चौधरी ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित माननीय अतिथि, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, समाजबंधुओं एवं सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया तथा महोत्सव की सफलता में सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें