सीआरपीएफ जवानों की कलाइयों पर सजा रक्षा सूत्र, महिलाओं ने मनाया रक्षाबंधन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

सीआरपीएफ जवानों की कलाइयों पर सजा रक्षा सूत्र, महिलाओं ने मनाया रक्षाबंधन



डिब्रूगढ़ (असम) संदीप अग्रवाल

देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रकट करते हुए डिब्रूगढ़ की महिलाओं द्वारा संचालित सामाजिक संस्थाओं एकल अभियान डिब्रूगढ़ चैप्टर महिला समिति एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन, डिब्रूगढ़ इकाई ने 171वीं वाहिनी सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया।


डिब्रूगढ़ पुलिस रिजर्व लाइन स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मनोरंजन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ 171वीं वाहिनी के कमांडेंट एस. केंगू एवं उप कमांडेंट राजेश कुमार को मंचासीन करवाकर किया गया। उप कमांडेंट राजेश कुमार ने कमांडेंट की ओर से सभी अतिथियों एवं महिला सदस्यों का स्वागत किया।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं की बहनों का सैनिक भाइयों के प्रति यह स्नेह और अपनापन बेहद भावपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब बहनें इतनी आत्मीयता से जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधती हैं, तो यह केवल एक धागा नहीं, बल्कि जवानों के मनोबल और शक्ति को बढ़ाने वाला भावनात्मक संबल बन जाता है।


कमांडेंट एस. केंगू ने दोनों महिला संस्थाओं की सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।


इस अवसर पर एकल अभियान डिब्रूगढ़ चैप्टर महिला समिति की अध्यक्ष अरुणा सुरेका तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन, डिब्रूगढ़ इकाई की अध्यक्ष मंजिल धेलिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


इसके बाद रक्षाबंधन समारोह का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। दोनों संस्थाओं की महिला सदस्यों ने बारी-बारी से सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाइयों पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। जवानों ने भी बहनों के इस स्नेह को आत्मीयता के साथ स्वीकार किया।


कार्यक्रम में एकल अभियान डिब्रूगढ़ चैप्टर महिला समिति की वरिष्ठ सदस्या पुष्पा बुकलसरिया ने जवानों के सम्मान में काव्य पाठ प्रस्तुत किया। वहीं एकल अभियान के केंद्रीय टोली सदस्य, ई-शिक्षा रमेश लिम्बू ने एकल अभियान की विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।


कार्यक्रम के दौरान 171वीं वाहिनी सीआरपीएफ की ओर से दोनों संस्थाओं को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित बहनों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।


इस अवसर पर एकल अभियान पूर्वी पूर्वोत्तर संभाग समिति के जनसंपर्क प्रभारी संदीप अग्रवाल सहित दोनों संस्थाओं की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं। स्नेह, सम्मान और देशसेवा के भाव से ओतप्रोत इस आयोजन ने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के पारंपरिक रिश्ते से आगे बढ़ाकर समाज और सुरक्षा बलों के बीच आत्मीय संबंधों का प्रतीक बना दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें