रमेश मुंदड़ा
होजाई: रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, होजाई शाखा की ओर से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार हर्षोल्लास और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान शाखा की अध्यक्षा प्रियंका बेरीवाल, सचिव रेखा मोर, रंजना केजरीवाल, सरिता भीमसरिया, गुंजा केजरीवाल, सरिता छावाछारीय, संगीता रंका, तथा अन्य सदस्याओं ने सीमा सुरक्षा में तैनात वीर जवानों की कलाइयों पर रक्षा-सूत्र बांधा और उनका मुंह मीठा करवाकर दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बहनों ने जवानों से रक्षा का वचन लेते हुए देश सेवा में उनके अद्वितीय योगदान के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संगठन की ओर से उपस्थित एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों—कंपनी कमांडर मुकेश कुमार मीणा (INSP/GD), मोहनलाल सिन्हा (SI/GD), बीरेन हजारिका (SI/GD), संभू घिमिरे (SI/GD) तथा सुभाष चंदर (SI/GD) को पारंपरिक असमिया गमछा पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महिला सम्मेलन की सदस्याओं ने कहा कि देश के नागरिक अपने घरों में सुरक्षित रहें, इसके लिए जवान अपने परिवारों से दूर रहकर सीमाओं की रक्षा करते हैं। पूरा समाज उनके इस त्याग, साहस और निष्ठा के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का समापन "जय हिंद" के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें