रोहा में उपांकर शर्मा प्रतिभा संधानी चित्रांकन प्रतियोगिता संपन्न, प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

रोहा में उपांकर शर्मा प्रतिभा संधानी चित्रांकन प्रतियोगिता संपन्न, प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत



शिक्षिका विउटी शर्मा की पुस्तक ‘विज्ञान का रसास्वादन’ का भी हुआ विमोचन


सोयल खेतान, रोहा


रोहा। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा दिवंगत उपांकर शर्मा की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से गठित उपांकर शर्मा प्रतिभा संधानी न्यास की ओर से चित्रांकन प्रतियोगिता एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका विउटी शर्मा द्वारा रचित पुस्तक ‘विज्ञान का रसास्वादन’ का भी विमोचन किया गया।


रोहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के महेंद्र नाथ बरदलै प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य प्रभात चंद्र नाथ ने किया। उन्होंने उपांकर शर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


रोहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मृगांक बोरा के संचालन में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में रोहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के करीब 70 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। तीन वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजयी प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं मानपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक-एक पौधा भी प्रदान किया गया।


उपांकर की स्मृति को किया नमन


स्मृति समारोह में रोहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं न्यास अध्यक्ष कमल चंद्र शर्मा तथा शिक्षिका निवेदिता सईकिया ने उपांकर शर्मा के जीवन एवं प्रतिभा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


इस अवसर पर उपांकर शर्मा की माता एवं न्यास सचिव विउटी शर्मा द्वारा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी विज्ञान विषयक पुस्तक ‘विज्ञान का रसास्वादन’ का विमोचन रोहा महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्या द्विप्ती देवी शर्मा ने किया।


चित्रांकन प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में वरिष्ठ चित्रशिल्पी टिकेंद्रजीत सैकिया एवं सुभाष मेधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में न्यास अध्यक्ष कमल चंद्र शर्मा, हेमंत विकास डेका, उपांकर शर्मा के पिता प्रदीप शर्मा, मामा कमल शर्मा (सोनमनी) सहित परिवार के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, आसू प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम ने स्मृति, शिक्षा, कला और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए विद्यार्थियों को रचनात्मकता के लिए प्रेरित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें