सावन की उमंग, भक्ति और राजस्थानी संस्कृति के रंग में रंगा समारोह
गुवाहाटी, सावन की पावन बेला में साँवरिया सखी समिति की ओर से शारदा केडिया के भरलुमूख स्थित निवास पर हरियाली तीज उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पारंपरिक झूलों और लड्डू गोपाल के सुंदर झूले से सजा आयोजन स्थल सावन की हरियाली और उमंग से भर उठा।
इस अवसर पर हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी सखियों ने उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शिव तांडव तथा शिव-पार्वती पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
सखियों ने पारंपरिक झूले का आनंद लेने के साथ लड्डू गोपाल जी को श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया। इसके बाद गजरा एवं भोग की व्यवस्था की गई और सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
अंत में सभी सखियों को प्रसाद वितरित किया गया तथा भगवान की आरती के साथ कार्यक्रम का मंगलमय समापन हुआ। हरियाली तीज का यह आयोजन भक्ति, संस्कृति, आपसी प्रेम और सौहार्द का सुंदर संगम बनकर सामने आया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें