गुवाहाटी, छत्रीबाड़ी स्थित आसाम माहेश्वरी भवन में सामाजिक कार्यों में अग्रणी माहेश्वरी महिला समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय "उत्कर्ष एग्जिबिशन एवं राखी मेला" का मंगलवार को मुख्य अतिथि श्रीमती सरला काबरा के करकमलों द्वारा भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजिका सीमा सोनी ने किया। उन्होंने मेले की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। समिति की अध्यक्ष वंदना बिहानी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि मुख्य अतिथि का परिचय संयोजिका रचना काबरा ने कराया। इस अवसर पर संयोजिका मंजू धूत एवं समिति की सदस्याओं ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सरला काबरा तथा सभा अध्यक्ष ने मेले में स्टॉल लगाने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय उद्यमिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।
मेले का विशेष आकर्षण ₹2,000 की खरीदारी पर आकर्षक लकी ड्रॉ रखा गया है, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में ट्रस्ट अध्यक्ष भगवानदास दम्मानी, सभा अध्यक्ष सीताराम बिहानी, सचिव सुरेन्द्र लाहोटी, युवा संगठन के अध्यक्ष नरेन माहेश्वरी, सचिव रौनक लढ़्ढा, सलाहकार सरला लाहोटी, पूर्वोत्तर सचिव तृप्ति बिहानी, पूर्व अध्यक्ष मंजू बागड़ी सहित समाज एवं विभिन्न संस्थाओं के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
समिति की जनसंपर्क अधिकारी पार्वती बिड़ला ने बताया कि मेले में खरीदारी के लिए महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शनी में आकर्षक एवं रंग-बिरंगी राखियां, डिजाइनर परिधान, घरेलू साज-सज्जा का सामान, बेडशीट, उपहार सामग्री सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
समिति की सभी सदस्याओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह दो दिवसीय मेला आगामी रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी के लिए शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें