रुद्राक्षमाला दिहानाम दल, ननै ने हासिल किया प्रथम स्थान
सोयल खेतान, रोहा
रोहा। रोहा में आयोजित अखिल असम स्तरीय द्वितीय वार्षिक दिहानाम प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में रुद्राक्षमाला दिहानाम दल, ननै ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रोहा आंचलिक वनमाली शिल्पी समाज के तत्वावधान एवं रोहावासी जनता के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 19 अगस्त से शुरू हुई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः धर्मध्वजा फहराने तथा स्थानीय युवाओं द्वारा दिहानाम प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद रात 10 बजे से मुख्य प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें असम के विभिन्न क्षेत्रों से आए 38 दिहानाम दलों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागी दलों ने दिहानाम प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रतियोगिता का सिलसिला अगले दिन दोपहर तक चला। अंत में निर्णायक मंडली ने विजेता दलों के नामों की घोषणा की।
प्रमुख विजेता
प्रथम: रुद्राक्षमाला दिहानाम दल, ननै
द्वितीय: कल्पतरु शिल्पी संघ, काकी
तृतीय: राधा कृष्ण नामती दल
चतुर्थ: कोमोरागुरी पांचजन्य नामती दल, मरिगांव
पंचम: नवसुरुज सांस्कृतिक गोष्ठी, दक्षिण पाट
छठा: शंकर माधव शिल्पी समाज, डिमरुगुड़ी
सातवां: मनिकांचन शिल्पी समाज, बढ़मपुर
प्रोत्साहन पुरस्कार कृष्णचूड़ा नामती दल, मरिगांव, बैकुंठ नामती दल, नवउदीत नामती दल, कलंगपरिया नामती दल एवं मिलिजुली नामती दल को प्रदान किए गए।
विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ नामती दल का खिताब पारिजात नामती दल, सैनचुबा को, श्रेष्ठ नगाड़ा वादक का पुरस्कार नवसुरुज नामती दल, दक्षिण पाट को, श्रेष्ठ खोल वादन का पुरस्कार कल्पतरु शिल्पी समाज, काकी को, श्रेष्ठ बरताल वादन का पुरस्कार जगतगुरु नामती दल, काकी को तथा श्रेष्ठ खरताल वादन का पुरस्कार हरि विष्णु नामती दल, नगांव को मिला।
प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में रोहा आंचलिक वनमाली शिल्पी समाज के अध्यक्ष दिलेन हजारिका, सचिव संजीव दास सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें