लखनऊ के राष्ट्रीय धर्म ज्योतिष सम्मेलन में ‘ज्योतिष महोपाध्याय अवार्ड 2026’ से सम्मानित हुए रोहा के लेखक
सोयल खेतान, रोहा।
रोहा निवासी एस्ट्रोलजर, वास्तु कंसल्टेंट एवं लेखक रुपानंद नाथ द्वारा वास्तुशास्त्र, भवन निर्माण तथा सुखद एवं संतुलित गृह-जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित ग्रंथ ‘वास्तु शास्त्र और सपनों का घर-2’ (द्वितीय संस्करण) का विमोचन 19 एवं 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित कैसरबाग के भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के उमनाथ बली ऑडिटोरियम में आयोजित माँ अष्टभुजी राष्ट्रीय धर्म ज्योतिष केंद्र के द्वितीय राष्ट्रीय धर्म ज्योतिष सम्मेलन-2026 में किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लेखक रुपानंद नाथ ने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य वास्तु के पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाना है, ताकि घर की योजना, निर्माण तथा वास्तु से जुड़े विषयों को सरलता से समझा जा सके।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य अरविंद कुमार त्रिपाठी, माँ अष्टभुजी राष्ट्रीय धर्म ज्योतिष केंद्र, लखनऊ की संस्थापक निदेशक डॉ. रजनी अवस्थी, दैवज्ञ पंडित ऋभुकांत गोस्वामी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाल किताब विशेषज्ञ डॉ. एच.एस. रावत, धर्मगुरु एवं ज्योतिषाचार्य योगसिद्ध गुरु माँ चेतना, डॉ. पूनम शर्मा सहित धर्म, ज्योतिष एवं आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े विद्वान एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों एवं विद्वानों ने रुपानंद नाथ की पुस्तक ‘वास्तु शास्त्र और सपनों का घर-2’ की विषय-वस्तु तथा वास्तुशास्त्र से संबंधित जानकारी को सरल एवं व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने के उनके प्रयास की सराहना की। सम्मेलन में लेखक रुपानंद नाथ को ‘ज्योतिष महोपाध्याय अवार्ड-2026’ से भी सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व लेखक रुपानंद नाथ की पुस्तक ‘वास्तु शास्त्र और सपनों का घर-भाग 1’ का विमोचन गत 19 जुलाई को नौगांव में किया गया था। उनके इस कृतित्व और उपलब्धि से रोहा क्षेत्र में खुशी की लहर है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें