एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए ₹2.51 लाख
गुवाहाटी। नेशनल एडिबल ऑयल प्रमोशन एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को असम के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आगामी नेशनल एडिबल ऑयल कॉन्क्लेव-2026 में गरिमामयी उपस्थिति के लिए सादर आमंत्रित किया। यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आगामी 19 एवं 20 सितंबर 2026 को गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान एसोसिएशन की ओर से सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए ₹2 लाख 51 हजार की राशि असम मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान की गई। एसोसिएशन के इस सहयोग को प्रदेश के प्रति उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता और आपदा के समय सहायता के भाव के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कैलाश जी काबरा, सचिव श्री नीरज बोथरा, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश काबरा, संयुक्त कोषाध्यक्ष श्री गौतम देवड़ा, संयुक्त सचिव श्री दिनेश राठी तथा संपादक श्री प्रवीण कोठारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कॉन्क्लेव के उद्देश्य एवं आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से नेशनल एडिबल ऑयल कॉन्क्लेव-2026 को नई ऊंचाई और व्यापक पहचान मिलेगी।
एसोसिएशन के अनुसार, यह कॉन्क्लेव असम तथा संपूर्ण पूर्वोत्तर भारत में खाद्य तेल उद्योग के विकास को गति देने, व्यापारिक एवं औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने तथा नई औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देशभर से खाद्य तेल उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योगपति, तेल मिल संचालक, तेल परिष्करण इकाइयों के प्रतिनिधि, थोक व्यापारी, वितरक तथा व्यवसायी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में खाद्य तेल उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, उद्योग के सामने मौजूद चुनौतियों, संभावनाओं तथा भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
एसोसिएशन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से असम एवं पूर्वोत्तर भारत को खाद्य तेल उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को मजबूत करना तथा देश के विभिन्न हिस्सों के उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय एवं व्यापारिक संबंध बनेगा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें