केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए भाजपा असम प्रोफेशनल सेल ने गठित की प्री-बजट एडवाइजरी कमेटी - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए भाजपा असम प्रोफेशनल सेल ने गठित की प्री-बजट एडवाइजरी कमेटी



विशेषज्ञों, पेशेवरों, उद्यमियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मांगे गए बजट संबंधी सुझाव


गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश के प्रोफेशनल सेल ने आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 को लेकर राज्य के विशेषज्ञों, पेशेवरों, उद्यमियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से ‘प्री-बजट एडवाइजरी कमेटी’ का गठन किया है। समिति का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त व्यावहारिक एवं उपयोगी सुझावों का संकलन और विश्लेषण कर एक विस्तृत ज्ञापन तैयार करना है, जिसे केंद्रीय वित्त मंत्री तथा राज्य पार्टी नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


प्रोफेशनल सेल के राज्य संयोजक गौरव सोमानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति में अंजनी कुमार मुंधरा को इंचार्ज तथा विभूति दत्ता को को-इंचार्ज नियुक्त किया गया है। समिति के सदस्यों में संजय जलेवाला, जीवन ज्योति मालाकार, गीता रामनाथ, विकास कुमार अग्रवाल, डॉ. गीतार्थ रॉय मेधी तथा मंटू अगरवाला शामिल हैं।


प्रोफेशनल सेल ने राज्य के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, चिकित्सकों, इंजीनियरों, उद्यमियों, व्यापारियों तथा विभिन्न व्यावसायिक एवं औद्योगिक संगठनों से बजट को लेकर अपने सुझाव साझा करने की अपील की है। विशेष रूप से राज्य के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने तथा विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।


सेल की ओर से बताया गया कि इच्छुक व्यक्ति पोस्टरों पर उपलब्ध आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे समिति तक अपने सुझाव भेज सकते हैं। सुझाव भेजने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।


प्रोफेशनल सेल के राज्य संयोजक गौरव सोमानी ने कहा कि पेशेवरों एवं विशेषज्ञों के विचार और दूरदर्शिता असम के विकास तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी संबंधित हितधारकों से इस परामर्श प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने उपयोगी सुझाव साझा करने का आग्रह किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें