भजन संध्या में कलाकारों ने बांधा समां, देर रात तक भक्ति में झूमते रहे श्रद्धालु
नगांव। भादव दशमी के पावन अवसर पर नगांव के हैबरगांव स्थित श्री सत्यनारायण ठाकुरवाड़ी मंदिर प्रांगण में रुणिचा के नाथ एवं कलयुग अवतारी बाबा रामदेव जी का दशमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में बाबा रामदेव जी का भव्य दरबार सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
महोत्सव के तहत प्रातः 6 बजे से बाबा रामदेव जी के पगलिया पूजन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात शाम 4:30 बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित कर सवामणी का भोग अर्पित किया गया। सवामणी की विधिवत पूजा धीरज देवड़ा एवं निकिता देवड़ा ने सपत्नीक संपन्न की। मंदिर के पुजारी विजय कुमार दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए।
सायं 6:30 बजे से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक अरुण नागरका एवं पवन झंवर ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया। इसके बाद दोनों कलाकारों ने बाबा रामदेव जी की महिमा से जुड़े एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजन संध्या में स्थानीय आमंत्रित कलाकार दीपिका वर्मा, स्नेहा शर्मा, अदिति पाल, शुभमिता विश्वास, रिंपी घोष एवं अनिल प्रजापत के साथ गुवाहाटी से पहुंचे भजन गायक मोनू शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक भक्ति में झूमते रहे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय रहा, जब अरुण नागरका, पवन झंवर एवं अनिल प्रजापत ने संयुक्त रूप से बाबा रामदेव जी के चमत्कारी पर्चों की महिमा पर आधारित लघु जम्मा भजन ‘खम्मा खम्मा’ प्रस्तुत किया। भजन की प्रस्तुति के दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा रामदेव जी के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूमते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।
महोत्सव के दौरान सभी कलाकारों को बाबा रामदेव जी का प्रतीक चिन्ह प्रदान कर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के बीच दिव्य तांती एवं सवामणी का प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक चले भजन कार्यक्रम में भक्तों की उपस्थिति बनी रही और श्रद्धालु बाबा रामदेव जी की भक्ति में लीन होकर महोत्सव का आनंद लेते रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नगांव के भक्तवृंद का विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भक्तवृंद के अरुण नागरका द्वारा दी गई।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें