टियोक के बिहानी परिवार की पहल, श्री हार्डवेयर की ओर से पहली बार विराट आयोजन; दिल्ली की सुप्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा देंगी विशेष प्रस्तुति
रिपोर्ट : बिजू तुनवाल
टियोक। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर जोरहाट में पहली बार विराट स्तर पर भक्ति, संगीत और संकीर्तन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 24 सितंबर, गुरुवार को जोरहाट स्थित माहेश्वरी भवन की पांचवीं मंजिल पर आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में राधा नाम संकीर्तन, राधा-रानी की महिमा और भक्तिमय भजनों से वातावरण राधामय होगा।
यह विशेष आयोजन टियोक के जाने-माने व्यवसायी स्वर्गीय जगदीश प्रसाद बिहानी की धर्मपत्नी शांति देवी बिहानी के सान्निध्य एवं छत्रछाया में उनके सुपुत्र श्री हार्डवेयर के संचालक राजगोपाल बिहानी तथा उनकी पत्नी संपत देवी बिहानी की ओर से किया जा रहा है। श्री हार्डवेयर परिवार की ओर से पहली बार इस स्तर पर विराट धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर टियोक सहित जोरहाट एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
दिल्ली की निकुंज कामरा देंगी विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दिल्ली की सुप्रसिद्ध भजन एवं भक्तिमय गायिका निकुंज कामरा होंगी। वे पहली बार जोरहाट में अपनी भजन प्रस्तुति देंगी। संकीर्तन के दौरान वे राधा-रानी की भक्ति, राधे-राधे नाम संकीर्तन तथा श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देंगी।
निकुंज कामरा का विशेष जुड़ाव श्री राधा-कृष्ण, श्री बांके बिहारी जी एवं राधा नाम संकीर्तन से रहा है। उन्होंने कम उम्र से ही भजन गायन की शुरुआत की और विभिन्न स्थानों पर भजन एवं सत्संग कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति से जोड़ती रही हैं। जोरहाट में उनकी पहली प्रस्तुति को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
शाम 6:30 बजे संध्या आरती, 7 बजे से रसमय संकीर्तन
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:30 बजे संध्या आरती से होगा। इसके बाद शाम 7 बजे से भव्य रसमय संकीर्तन प्रारंभ होगा। राधा अष्टमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ने का विशेष अवसर प्रदान करेगा।
टियोक सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए टियोक से जोरहाट आने-जाने हेतु वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा जोरहाट जिले एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया है।
दरगांव, मरियानी, दबरा, देबरापार, नकोचारी, टियोक, आमगुरी, जगद्वार-हांसोरा, गोरीसागर और शिवसागर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
बिहानी परिवार की ओर से टियोक, जोरहाट एवं आसपास के सभी समाज के लोगों से सपरिवार इस भव्य भक्तिमय आयोजन में शामिल होने का आत्मीय आग्रह किया गया है।
राधे-राधे के जयघोष से गूंजेगा माहेश्वरी भवन
आयोजक परिवार के अनुसार, यह आयोजन केवल एक भजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि राधा-रानी के प्रति श्रद्धा, भक्ति और प्रेम को सामूहिक रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर है। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालु एक साथ राधा नाम संकीर्तन में सहभागी बनेंगे और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से माहेश्वरी भवन को भक्तिमय बनाएंगे।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें