व्यापार और साझेदारी के नए अवसरों पर होगा मंथन; राजस्थान फाउंडेशन की पहल पर विवांता होटल में जुटेंगे प्रवासी राजस्थानी समुदाय और उद्योग जगत के प्रतिनिधि
गुवाहाटी। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रवासी राजस्थानियों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी 28 सितंबर को गुवाहाटी में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट 2026’ का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान फाउंडेशन की इस पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी समुदायों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थानों और संबंधित हितधारकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
गुवाहाटी स्थित विवांता होटल में सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन की थीम ‘कनेक्टिंग कम्युनिटीज, सेलिब्रेटिंग रूट्स’ रखी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राजस्थान से बाहर रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना, सामुदायिक नेटवर्क को सशक्त बनाना तथा सामाजिक एवं व्यावसायिक सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना है।
आयोजन के माध्यम से राजस्थान और पूर्वोत्तर भारत के बीच सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी और सहयोग के अवसरों पर संवाद स्थापित करने तथा राजस्थान की परंपराओं, संस्कृति और साझा विरासत का उत्सव मनाने का अवसर मिलेगा।
राजस्थान फाउंडेशन की यह पहल प्रवासी राजस्थानियों की सामूहिक शक्ति और सहभागिता को राज्य के विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। गुवाहाटी में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन राजस्थान और पूर्वोत्तर के बीच आपसी संपर्क, सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग के नए आयाम विकसित करने का मंच बनेगा।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें