पोर्ट ब्लेयर में धूमधाम से मनाई गई महर्षि दधीचि जयंती - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

पोर्ट ब्लेयर में धूमधाम से मनाई गई महर्षि दधीचि जयंती



विनोद दाधीच



पोर्ट ब्लेयर। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में बसे दधीचि परिवारों एवं सर्व ब्राह्मण समाज के परिवारों की ओर से महर्षि दधीचि जयंती महोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। डॉलीगंज स्थित श्री गार्डन में आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर महर्षि दधीचि के त्याग, तपस्या और मानव कल्याण के आदर्शों को स्मरण किया।



कार्यक्रम के संयोजक अभिलाष दाधीच ने बताया कि समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिनेश शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि अक्षय दाधीच, अधिशासी अभियंता, द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महर्षि दधीचि का विधिवत पूजन एवं आरती की गई। उपस्थित समाजबंधुओं ने महर्षि दधीचि के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिनेश शर्मा ने महर्षि दधीचि के जीवन और उनके अतुलनीय त्याग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि दधीचि को विश्व के प्रथम देहदानी महापुरुषों में माना जाता है। उन्होंने मानवता और लोककल्याण की रक्षा के लिए अपने शरीर की अस्थियों तक का दान कर दिया। उनका जीवन त्याग, परोपकार, साहस और मानव सेवा की ऐसी प्रेरणा देता है, जो आज भी समाज के लिए अनुकरणीय है।



कार्यक्रम में मातृशक्ति की विशेष सहभागिता रही। महिलाओं ने मां दधिमती के भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, बच्चों ने कविता पाठ, गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों से समारोह में विशेष उत्साह और उमंग का संचार हुआ।



इस अवसर पर पड़िहारा दाधीच परिवार के सीताराम शर्मा, राधेश्याम शर्मा एवं दिनेश शर्मा (पलोड) ने बताया कि उनका परिवार पिछले लगभग 45 वर्षों से अंडमान में निवास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पोर्ट ब्लेयर में मारवाड़ी समाज के अनेक परिवार नौकरी एवं व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और यहां विभिन्न समाजों के लोग आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाते हैं।



समारोह में महिला मंडल संयोजक श्रीमती सरोज शर्मा के साथ पीयूष पारीक, बाबूलाल शर्मा, शुभम दाधीच, शिवाय, शिवित शर्मा, सुरभि दाधीच, श्रीमती प्रियंका, दीपिका, दिव्या शर्मा, मिताली पारीक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



समारोह के दौरान महर्षि दधीचि के त्याग और बलिदान को याद करते हुए समाज में सेवा, परोपकार और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजन ने पोर्ट ब्लेयर में बसे दधीचि एवं सर्व ब्राह्मण समाज के परिवारों को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपरा और महर्षि दधीचि के आदर्शों से जोड़ने का भी कार्य किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें