टियोक से बिजू तुनवाल की रिपोर्ट
टियोक। असम के खेल जगत के लिए टियोक से एक गर्व की खबर सामने आई है। मिजोरम के आइजोल में आयोजित प्रथम नॉर्थ-ईस्ट रीजनल मुआयथाई चैंपियनशिप-2026 में टियोक के काकाजन क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों अब्दुल और आसिकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
मिजोरम मुआयथाई एसोसिएशन के तत्वावधान में 21 से 24 सितंबर तक आइजोल में आयोजित इस प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने असम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें अब्दुल और आसिकुर ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
अब्दुल ने अंडर-16 फाइटिंग के 68 से 71 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं आसिकुर ने 91 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की खबर टियोक और खासकर काकाजन क्षेत्र में पहुंचते ही खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल बन गया। क्षेत्रवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब्दुल और आसिकुर की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बीच स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर क्षेत्र के इन युवाओं ने जिस तरह राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है, उससे उनके परिवार और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां क्षेत्र के दूसरे युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुआयथाई में दोनों खिलाड़ियों की सफलता से असम में इस खेल के प्रति युवाओं की रुचि और संभावनाओं को भी बल मिला है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें