कामपुर स्टेट अस्पताल के नवनिर्मित खंड का उद्घाटन, खाखोलिया परिवार की स्मृति में प्रतिमाओं का अनावरण - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

कामपुर स्टेट अस्पताल के नवनिर्मित खंड का उद्घाटन, खाखोलिया परिवार की स्मृति में प्रतिमाओं का अनावरण



डिब्रूगढ़ से ज्योति खाखोलिया की रिपोर्ट


डिब्रूगढ़। नगांव जिले के कामपुर स्थित कामपुर स्टेट अस्पताल (बोदूलाल चैरिटेबल अस्पताल) के नवनिर्मित खंड का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में कालियाबर भाजपा अध्यक्ष एवं बरहमपुर के विधायक जितु गोस्वामी के प्रतिनिधि बाबुल बोरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


नवनिर्मित खंड के उद्घाटन के साथ ही अस्पताल परिसर में स्वर्गीय बोदूलाल खाखोलिया एवं स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया की स्मृति में स्थापित प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। इस अवसर पर अस्पताल की ऐतिहासिक विरासत और जनसेवा में इसकी भूमिका को याद किया गया।


वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1950 में स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया ने अपने पिता स्वर्गीय बोदूलाल खाखोलिया की स्मृति में कामपुर तथा आसपास के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 बीघा 3 कट्ठा भूमि पर अस्पताल का निर्माण कराया था। बाद में इसे जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया गया।


समय के साथ अस्पताल भवन के नवीनीकरण तथा स्मृति प्रतिमाओं की स्थापना का कार्य स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया के पुत्र ओमप्रकाश खाखोलिया एवं पौत्र आशीष खाखोलिया के सहयोग से कराया गया। इस पहल को खाखोलिया परिवार की लंबे समय से चली आ रही सामाजिक सेवा की परंपरा से जोड़कर देखा गया।


समारोह के दौरान अर्चना अग्रवाल ने अपनी स्वर्गीय माता पार्वती देवी खाखोलिया की स्मृति में अस्पताल को एक वाटर कूलर भी भेंट किया। अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए किए गए इस सहयोग की उपस्थित लोगों ने सराहना की।


कार्यक्रम में कामपुर नगर बोर्ड की अध्यक्षा धरित्री बरुआ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर कामपुर अर्बन के अध्यक्ष डॉ. सिद्दीकी, समिति के सदस्य बिस्वजीत बोरा एवं गुणजीत सैकिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


इस अवसर पर खाखोलिया परिवार के राधेश्याम खाखोलिया, बीना देवी खाखोलिया, अर्चना अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, प्रीति खाखोलिया एवं निखिल खाखोलिया सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।


समारोह में अस्पताल की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें