पत्रकारिता पर मंथन से रंगमंच तक, मंच पर छाए पत्रकार - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

पत्रकारिता पर मंथन से रंगमंच तक, मंच पर छाए पत्रकार



नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब का द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न, अजीत मेधी अध्यक्ष और प्रशांत मोदक बने सचिव


‘ब्लैक लिस्ट’ नाटक में पत्रकारों ने अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं


नॉर्थ लखीमपुर। नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब का दो दिवसीय द्विवार्षिक अधिवेशन पत्रकारिता पर गंभीर विमर्श, नई कार्यकारिणी के गठन, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, निष्पक्षता, समाचारों में भाषा की शालीनता तथा पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।


अधिवेशन के तहत आयोजित खुली सभा में मुख्य अतिथि डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के असमिया विभाग की प्राध्यापिका डॉ. पल्लवी डेका बुजरबरुआ ने पत्रकारों को निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता उसकी निष्पक्षता और तथ्यपरकता पर निर्भर करती है। समाचारों के संकलन और प्रस्तुतीकरण के दौरान पत्रकारों को किसी भी प्रकार के पक्षपात से बचना चाहिए।


उन्होंने पत्रकारिता में भाषा की गरिमा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाचार लिखते और प्रस्तुत करते समय शब्दों का चयन बेहद सावधानी से किया जाना चाहिए। पत्रकारों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए तथ्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।


नई कार्यकारिणी का गठन


अधिवेशन के दौरान नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। अजीत मेधी को अध्यक्ष तथा प्रशांत मोदक को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी से पत्रकारों के हितों और पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।


पर्यावरण और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान


कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. प्रबाल शैकिया और परेश बोरा को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए दयाल कृष्ण नाथ को सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर प्रेस क्लब की पत्रिका ‘गणकंठ’ का विमोचन भी किया गया। पत्रिका का विमोचन सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता चंद्र बरुआ ने किया।


जब पत्रकारों ने संभाला रंगमंच, दिखा अभिनय का दम


अधिवेशन के दूसरे दिन की शाम पत्रकारों के रचनात्मक और कलात्मक पक्ष के नाम रही। उत्तर लखीमपुर विश्वविद्यालय के सभागार में कुमुद बरुआ द्वारा रचित तथा जीवन गोस्वामी के निर्देशन में ‘ब्लैक लिस्ट’ नाटक का मंचन किया गया।


सैकड़ों दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में जब पत्रकारों ने मंच संभाला तो उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा और मंचीय प्रस्तुति में पत्रकार कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


नाटक की विशेषता यह रही कि इसके सभी कलाकार पत्रकार थे। पत्रकारों को समाचार कक्ष और रिपोर्टिंग से इतर रंगमंच पर अभिनय करते देख दर्शकों में भी खासा उत्साह नजर आया। प्रस्तुति समाप्त होने के बाद सभागार तालियों से गूंज उठा और दर्शकों ने पूरी टीम की सराहना की।


इस प्रकार नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब का द्विवार्षिक अधिवेशन पत्रकारिता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सार्थक मंथन के साथ-साथ साहित्य, संस्कृति और रंगमंच के क्षेत्र में पत्रकारों की रचनात्मक प्रतिभा की झलक प्रस्तुत करते हुए संपन्न हुआ।


राईज प्लस के लिए संयुक्त रिपोर्ट

ओमप्रकाश तिवारी एवं राजेश राठी

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें