दाधीचि परिषद के 27वें जन्मोत्सव समारोह में भजन, मंगलपाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शिलांग। शिलांग दाधीचि परिषद के तत्वावधान में महर्षि दधीचि जन्मोत्सव का 27वां आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान दाधीचि समाज के साथ सर्व समाज के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भजन संध्या, मंगलपाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं समाज के प्रतिभाशाली बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित मिलन समारोह में दाधीचि समाज के बंधुओं ने भजन संध्या प्रस्तुत की। प्रकाश दाधीच, मोहित दाधीच, आशुतोष दाधीच, कैलाश दाधीच एवं कन्हैया लाल दाधीच सहित अन्य समाजबंधुओं ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति और आत्मीयता से सराबोर नजर आया।
शनिवार को आयोजित मुख्य जन्मोत्सव समारोह के लिए भव्य दरबार सजाया गया। समारोह के संयोजक प्रहलाद दाधीच ने सपत्नीक ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रीगणेश पूजन एवं गणेश वंदना के साथ ‘एक शाम मां दधिमती के नाम’ भजन संध्या का शुभारंभ हुआ।
गुवाहाटी से आमंत्रित मनीषा रंकावत एवं पवन दाधीच ने मां दधिमती का संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत किया। इसके बाद प्रस्तुत किए गए भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित समाजबंधु भजनों के साथ झूमते, गाते और आनंद लेते नजर आए।
समारोह में समाज के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने राणा जी का किरदार प्रस्तुत किया, जिसमें रोहित शर्मा, आहाना, विनायक, अथर्व, प्रतीक और रवि ने प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं। उनकी प्रस्तुति पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विशेष रूप से छोटी बच्ची आहाना और रोहित की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं, नीलम दाधीच एवं डोली दाधीच ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पधारे कलाकारों सहित कुंज बिहारी अजमेरा, डॉ. मनीष मिश्रा एवं पंडित ब्रह्मदत्त शर्मा का भावपूर्ण स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आमंत्रित अतिथियों को महर्षि दधीचि का प्रतीक चिन्ह, दुपट्टा, माला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जन्मोत्सव संयोजक प्रहलाद दाधीच ने कहा कि सर्व समाज के लोगों की उपस्थिति और उनका उत्साह कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने सभी समाजबंधुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
शिलांग दाधीच परिषद के अध्यक्ष सुशील दाधीच ने मंच संचालन करते हुए कहा कि परिषद की ओर से पिछले 27 वर्षों से सर्व समाज को आत्मीयता के साथ आमंत्रित किया जाता रहा है। परिषद द्वारा व्यक्तिगत संपर्क, निमंत्रण पत्र, फोन तथा सामाजिक माध्यमों के जरिए लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ही परिषद के कार्यक्रमों की सफलता का आधार है।
जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार को सुगंधित एवं आकर्षक फूलों से सजाया गया। सजावट में समाज की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह को सफल बनाने में समय, श्रम एवं सहयोग देने वाले सभी कार्यकारिणी सदस्यों और कार्यकर्ताओं का मंच से विशेष आभार व्यक्त किया गया।
जयंती संयोजक प्रहलाद दाधीच के साथ विनोद दाधीच, मोहन दाधीच, कैलाश दाधीच एवं सुरेश दाधीच ने आयोजन में उपस्थित दाधीच समाज तथा सर्व समाज के सभी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह ने समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें