श्रीनगर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग एवं डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (ADTOI) के संयुक्त तत्वावधान में देशभर के प्रमुख प्रोफेशनल टूर ऑपरेटर्स एवं पर्यटन विशेषज्ञों को जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आमंत्रित किया गया। इस विशेष परिचयात्मक कार्यक्रम में राजस्थान के पर्यटन विशेषज्ञ एवं Khama Ghani Tours के निदेशक कृपाल सिंह ने भी सहभागिता की।
चार दिवसीय इस दौरे के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पर्यटन विशेषज्ञों को कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने पहलगाम, गुलमर्ग एवं श्रीनगर सहित विभिन्न प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा किया तथा वहां की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन सुविधाओं एवं विभिन्न गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।
कृपाल सिंह ने बताया कि जम्मू से श्रीनगर के बीच वंदे भारत के संचालन से कश्मीर जाना सुगम और किफायती हुआ है एवं यहाँ के हालात सामान्य होने के कारण कश्मीर में पर्यटकों की बहार है , सभी को कश्मीर अवश्य देखना चाहिए ।
दौरे के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पर्यटन विशेषज्ञों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार पर्यटकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने देशभर के पर्यटन व्यवसायियों से जम्मू-कश्मीर को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने तथा देशभर के पर्यटकों तक यहां की पर्यटन संभावनाओं को पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर पर्यटन विशेषज्ञों ने कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, आतिथ्य एवं पर्यटन की व्यापक संभावनाओं की सराहना की। विशेषज्ञों के अनुसार, देशभर के पर्यटकों तक कश्मीर के विभिन्न पर्यटन स्थलों एवं यहां उपलब्ध विविध पर्यटन अनुभवों की जानकारी पहुंचाने से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को और व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें