त्सांगपो वैली अकादमी में रंगारंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों के लिए वॉटर प्यूरिफायर भेंट
गुवाहाटी-- शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से शाखा अध्यक्ष शंकर बिडला की अध्यक्षता में त्सांगपो वैली अकादमी में सेवा, सम्मान और संस्कारों से ओतप्रोत एक रंगारंग एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर अनिल सुरेका एवं परिवार की ओर से विद्यालय को विद्यार्थियों के लिए वॉटर प्यूरिफायर (जल शोधक) भेंट किया गया। इस सेवा पहल के माध्यम से विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास ने पूरे वातावरण को उल्लास एवं उमंग से भर दिया। शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
समारोह में मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा, प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, सलाहकार पीतराम केडिया, प्रमोद तिवाड़ी, उद्योगपति रमेश अग्रवाल, प्रांतीय संयोजक बिमल अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक विकास जैन एवं प्रदीप पाटनी, अध्यक्ष शंकर बिड़ला, सचिव सूरज सिंघानिया एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी सहित कार्यकारिणी सदस्य माखन लाल अग्रवाल, विनोद कुमार जिंदल, राजेश भजनका, जितेंद्र जैन, मोहित सुरेका एवं अशोक सेठिया उपस्थित रहे।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें