शिलांग में मेघालय जाट समाज का प्रथम आयोजन, भजनों पर देर तक थिरके श्रद्धालु
शिलांग। मेघालय जाट समाज के तत्वावधान में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के नाम एक भव्य भजन संध्या का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय श्री राजस्थानी विश्राम भवन में किया गया। शिलांग में समाज की ओर से पहली बार आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीर तेजाजी महाराज की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। पंडित ब्रह्मदत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। अखंड ज्योत प्रज्वलित होते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भजन संध्या में आमंत्रित भजन गायकों ने वीर तेजाजी महाराज की महिमा से जुड़े एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्तिमय प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर तक भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वीर तेजाजी महाराज के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
शिलांग में आयोजित इस प्रथम कार्यक्रम को लेकर मेघालय जाट समाज के कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की थीं। समाज के सदस्यों ने शिलांग के विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम में महिला शक्ति की भी विशेष भूमिका रही। जाट समाज की महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित महिलाओं का दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय एवं भावपूर्ण स्वागत किया। वहीं आमंत्रित कलाकारों का भी जाट समाज की ओर से शॉल एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
भजन संध्या में शिलांग का मारवाड़ी समाज भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। महिलाओं, युवाओं एवं समाज के अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का वातावरण देखने को मिला।
वीर तेजाजी महाराज के भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति के कारण श्री राजस्थानी विश्राम भवन परिसर में देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालु भजनों में भाव-विभोर होकर वीर तेजाजी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे।
मेघालय जाट समाज की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी समाजबंधुओं, श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समाज ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से प्रथम आयोजन सफल एवं यादगार बन सका।
कार्यक्रम का भावपूर्ण एवं प्रभावी मंच संचालन सुशील दाधीच ने किया।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें