लायंस उमंग ने दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलीपर प्रदान किए - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लायंस उमंग ने दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलीपर प्रदान किए



गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग लॉयनेस के तत्वावधान में अमिंगांव स्थित तोलाराम बाफना आर्टिफिशियल लिम्ब्स एंड कैलीपर सेंटर में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलीपर शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन जीने और आत्मनिर्भर बनने में सहयोग प्रदान करना था।


शिविर के दौरान जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क कृत्रिम पैर एवं कैलीपर प्रदान किए गए। कृत्रिम अंग प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास देखने को मिला। इस सेवा पहल के माध्यम से उन्हें दैनिक जीवन में चलने-फिरने तथा अपने कार्यों को अधिक सहजता से करने में सहायता मिलेगी।


शिविर का आयोजन क्लब अध्यक्ष लायन अनीता लोहिया, सचिव लायन अर्चना अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष लायन रेनू अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर क्लब की पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सीमा गोयनका की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने सेवा कार्य की सराहना करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।


क्लब की सभी लॉयनेस सदस्यों ने शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई। सदस्यों ने लाभार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।


इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन अनीता लोहिया ने कहा, “सेवा ही हमारा धर्म है। किसी व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़ा होते देखना हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। सभी सदस्यों और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सीमा गोयनका के सहयोग से यह सेवा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।”


क्लब की ओर से तोलाराम बाफना आर्टिफिशियल लिम्ब्स एंड कैलीपर सेंटर के चिकित्सकों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने भविष्य में भी जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी सेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें