गुवाहाटी, गुवाहाटी एवं आसपास के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में राष्ट्रीय कैडेट कोर की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और सेवा भावना विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए चार एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स को असम सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
सम्मानित होने वाले चार एसोसिएट्स एनसीसी ऑफिसर्स में से लेफ्टिनेंट डॉ. अनंत पेगु आर्मी विंग के.सी. दास कॉमर्स कॉलेज, 1 असम बीएन एनसीसी गुवाहाटी ग्रुप, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. पल्लबी दत्ता एसोसिएट्स एनसीसी ऑफिसर्स 50 एयर स्क्वाड्रन प्रागज्योतिष कॉलेज गुवाहाटी ग्रुप, फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुलक मिली एसोसिएट्स एनसीसी ऑफिसर्स एल.सी.बी. कॉलेज 50 एयर स्क्वाड्रन गुवाहाटी ग्रुप तथा लेफ्टिनेंट डॉ. दीपक ज्योति महंता, एसोसिएट्स एनसीसी ऑफिसर 30 असम बीएन एनसीसी गोरेश्वर कॉलेज शामिल हैं।इन अधिकारियों को यह सम्मान एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके निरंतर एवं समर्पित प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। नियमित प्रशिक्षण सत्र, ड्रिल, विभिन एनसीसी शिविरों, सामाजिक सेवा गतिविधियों तथा नेतृत्व विकास कार्यक्रमों के जरिए इन एसोसिएट्स एनसीसी ऑफिसर्स ने युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने, टीम के साथ आगे बढ़ने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने तथा राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने के लिए तैयार करने में एसोसिएट एनसीसी आफिसर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
चारों अधिकारियों को मिला यह सम्मान उनके संबंधित शिक्षण संस्थानों के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ एनसीसी गुवाहाटी ग्रुप के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी कार्यशैली और प्रतिबद्धता उच्च शिक्षा संस्थानों में एनसीसी की उपयोगिता और प्रभाव को रेखांकित करती है।
एक्सीलेंस अवॉर्ड के माध्यम से इन अधिकारियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ ही छात्र विकास, संस्थागत उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके निरंतर समर्पण को प्रोत्साहन मिला है। यह सम्मान अन्य एनसीसी अधिकारियों और विद्यार्थियों को भी अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें