गुवाहाटी, अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण जी के विद्वान सुशिष्य मुनि श्री आनंद कुमार जी ‘कालू’ एवं सहवर्ती मुनि श्री विकास कुमार जी के सान्निध्य तथा अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में “हमारी ताकत हमारा परिवार” विषय पर कामरूप मेट्रो जिला स्तरीय अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट–2026 का आयोजन अणुव्रत समिति गुवाहाटी द्वारा तेरापंथ धर्मस्थल में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत गीत के साथ हुआ। अणुव्रत आचार संहिता का वाचन अणुविभा के असम-त्रिपुरा प्रभारी छत्तरसिंह चौरड़िया ने किया। अध्यक्षीय वक्तव्य समिति के अध्यक्ष संजय चौरड़िया ने दिया। प्रतियोगिता के संबंध में संगठन मंत्री एवं प्रतियोगिता प्रभारी श्रीमती राखी बैंगानी ने विस्तृत जानकारी प्रदान की।
मुनि श्री आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने अपने प्रेरणा पाथेय में कहा कि परिवार मनुष्य के जीवन की पहली पाठशाला है। परिवार से मिलने वाले संस्कार ही व्यक्ति के चरित्र एवं व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार में प्रेम, विश्वास, अनुशासन, त्याग और परस्पर सम्मान की भावना होगी तो व्यक्ति भी इन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करेगा।
उन्होंने वर्तमान समय में परिवार के सदस्यों के बीच संवाद एवं साथ बैठने की परंपरा को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परिवार की एकता केवल साथ रहने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने, सम्मान देने तथा सुख-दुःख में सहभागी बनने से मजबूत होती है। जिस परिवार में संस्कारों की जड़ें मजबूत होती हैं, वहां से संस्कारित नागरिक और सशक्त समाज का निर्माण होता है।
मुनि श्री ने अणुव्रत आंदोलन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि अणुव्रत व्यक्ति को छोटे-छोटे संकल्पों के माध्यम से अपने जीवन को नैतिक एवं अनुशासित बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ-साथ जीवन में अच्छे संस्कारों और नैतिक मूल्यों को भी अपनाएं। उन्होंने कहा कि “हमारी ताकत हमारा परिवार” केवल प्रतियोगिता का विषय नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण संदेश है। परिवार मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा और समाज मजबूत होगा तो राष्ट्र सशक्त बनेगा।
प्रतियोगिता में चित्रकला एवं निबंध विधा में स्कूल स्तर के 17 विजेता प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज बरड़िया, मंत्री श्रीमती रंजना बरड़िया सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अणुव्रत समिति के निवर्तमान अध्यक्ष बजरंग बैद ने किया, जबकि संयोजिका श्रीमती स्मिता सुराणा ने आभार ज्ञापन किया। अंत में मुनि श्री आनंद कुमार जी ‘कालू’ के मंगलपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें