अग्रवाल सभा की कार्यकारिणी एवं साधारण सभा संपन्न - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अग्रवाल सभा की कार्यकारिणी एवं साधारण सभा संपन्न

 


सामाजिक सरोकार, संगठनात्मक सक्रियता एवं भावी कार्यक्रमों पर हुआ मंथन


गुवाहाटी। अग्रवाल सभा, गुवाहाटी के सत्र 2025–27 की चतुर्थ कार्यकारिणी सभा एवं प्रथम साधारण सभा रविवार को सूरजमल जुहारमल सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित हुई। प्रातः 10 बजे कार्यकारिणी सभा तथा अपराह्न 12 बजे साधारण सभा में संगठनात्मक सक्रियता, वित्तीय नियोजन, सामाजिक सरोकार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।


सभा के अध्यक्ष पवन कुमार जाजोदिया ने दोनों बैठकों में सदस्यों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों में व्यापक सहभागिता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व पर बल दिया। कार्यकारिणी सभा में सचिव सीए रतन कुमार अगरवाला ने गतिविधि प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष विनोद कुमार लोहिया द्वारा प्रस्तुत वार्षिक लेखों को विचार-विमर्श के पश्चात अनुमोदित किया गया। चर्चा के दौरान प्रशासनिक व्यय पर नियंत्रण, सेवा एवं धर्मार्थ गतिविधियों को प्राथमिकता देने तथा कार्यक्रमों के लिए पूर्व नियोजित बजट तैयार करने पर विशेष बल दिया गया।


कार्यकारिणी बैठक में सदस्यों ने सभा के कार्यक्रमों में अधिकाधिक समाजबंधुओं की सहभागिता, जिम्मेदारियों के बेहतर वितरण, विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के बीच समन्वय तथा संस्था की गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता व्यक्त की। समाज के इतिहास, योगदान एवं उपलब्धियों को अभिलेखित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पुस्तक प्रकाशन प्रकल्प तथा सक्रिय समाजबंधुओं का एक कोर सोशल ग्रुप गठित करने जैसे सुझाव भी सामने आए।


अपराह्न आयोजित प्रथम साधारण सभा में वर्ष 2025–26 एवं चालू वर्ष के अद्यतन लेखों को अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल युवा परिषद के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल ने ‘महाराजा अग्रसेन सहयोग पत्र’ की जानकारी दी, जिसके पश्चात पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों एवं महिला शक्ति द्वारा सहयोग पत्र का विधिवत विमोचन किया गया।


सभा में 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती तथा 25 अक्टूबर को दीपावली मिलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सहयोग पत्र ड्रॉ के आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। इनके सफल आयोजन के लिए विभिन्न सदस्यों एवं संयोजकों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।


बैठक की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में श्री पंकज पोद्दार द्वारा ‘महाराजा अग्रसेन स्वास्थ्य कोष’ के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसका सचिव सीए रतन कुमार अगरवाला सहित उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया। प्रस्ताव को व्यावहारिक स्वरूप देने के लिए 10–12 सदस्यों की कोर कमेटी गठित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।


दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, वरिष्ठ समाजबंधुओं एवं महिला सदस्यों ने भाग लेकर अपने सुझाव रखे। कार्यकारिणी सभा का समापन सह-सचिव सुशील कुमार जालान के धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ गायन के साथ हुआ, जबकि साधारण सभा में सह-सचिव श्री अरविन्द सराफ ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ सभा संपन्न हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें