गुवाहाटी। बाबा रामदेव पीर भादवा दशमी उत्सव के पूर्व दिवस पर वाल्मीकि समाज महिला समिति के सौजन्य से रामदेव पीर बाबा की भव्य पैदल यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान बाबा रामदेव पीर के जयकारों और भजनों से मार्ग भक्तिमय हो उठा।
पदयात्रा का शुभारंभ चाबीपुल स्थित रामदेव पीर मंदिर से किया गया। इससे पूर्व महिलाओं ने मंदिर में बाबा रामदेव पीर की ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत आरती की तथा महाप्रसाद का भोग लगाया। इसके बाद वाल्मीकि समाज सेवा समिति, चाबीपुल के महासचिव कैलाश कुमार ने बाबा का निशान लहराकर पदयात्रा को रवाना किया।
वाल्मीकि समाज महिला समिति की अध्यक्ष पूजा गुजराती के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा चाबीपुल से रिहाबारी, पलटन बाजार, छत्रीबाड़ी और आठगांव होते हुए पुनः चाबीपुल स्थित बाबा रामदेव पीर मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
पदयात्रा के दौरान महिलाएं बाबा रामदेव पीर के भजनों पर नाचती-गाती और जयकारे लगाती हुई आगे बढ़ रही थीं। श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। मार्ग में महिलाओं ने धार्मिक गीतों के माध्यम से बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर वाल्मीकि समाज महिला समिति की सचिव माया देवी, कोषाध्यक्ष रेखा देवी, सुलोचना देवी, सुशीला देवी, मंजू देवी, नीतू देवी और संजू देवी सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं और पदयात्रा में सक्रिय रूप से शामिल हुईं।
वहीं, वाल्मीकि समाज सेवा समिति के सलाहकार मनोज हरिजन, संजू चांवरिया तथा कोषाध्यक्ष शंभू वाल्मीकि सहित समाज के अन्य सदस्य भी मंदिर में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि भादवा दशमी के अवसर पर बाबा रामदेव पीर के प्रति आस्था प्रकट करने तथा समाज में धार्मिक एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से इस पदयात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव पीर से समाज, परिवार और समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें