बैंकॉक के दुर्गा मंदिर में ISPAC चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी ने की रथयात्रा की सफलता की मंगलकामना
बैंकॉक, थाईलैंड। दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर बैंकॉक स्थित दुर्गा मंदिर में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर इंटरनेशनल सोशल एंड पॉलिटिकल अवेयरनेस कमेटी (ISPAC) की चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी ने माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए विप्र फाउंडेशन की आगामी परशुराम कुंड रथयात्रा की सफलता एवं निर्विघ्न आयोजन के लिए मंगलकामना की।
विप्र फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे देव-आमंत्रण अभियान के तहत देश-विदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था केंद्रों में देवी-देवताओं को आगामी परशुराम कुंड रथयात्रा के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसी क्रम में बैंकॉक के दुर्गा मंदिर में आयोजित यह कार्यक्रम सनातन संस्कृति की वैश्विक उपस्थिति और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति विदेशों में बढ़ती आस्था का प्रतीक बना।
उल्लेखनीय है कि विप्र फाउंडेशन की ओर से 4 से 24 दिसंबर तक अयोध्या से अरुणाचल प्रदेश स्थित परशुराम कुंड तक भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भगवान परशुराम के प्रति जन-आस्था को व्यापक स्वरूप देने के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों को सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सूत्र में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
बैंकॉक में आयोजित देव-आमंत्रण कार्यक्रम ने इस अभियान को वैश्विक आयाम प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी सामने आया कि सनातन संस्कृति, भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और भगवान परशुराम की चेतना भौगोलिक सीमाओं से परे विश्वभर के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर थाईलैंड में भारत के राजदूत पुनीत अग्रवाल, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं सनातनसेवी सुनील कोठारी तथा भारतीय दूतावास, थाईलैंड के कल्चर डायरेक्टर संतोष कुमार (IFS) की गरिमामय उपस्थिति रही।
देव-आमंत्रण अभियान के बैंकॉक चरण को विप्र फाउंडेशन की आगामी परशुराम कुंड रथयात्रा के प्रति वैश्विक स्तर पर बन रहे उत्साह और आस्था की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें