रेलवे महाप्रबंधक से मिलकर नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन
गुवाहाटी। मध्य गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय गुप्ता ने शुक्रवार को फैंसी बाजार स्थित एसआरसीबी रोड से तीन नंबर रेल गेट तक बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चार नंबर रेल गेट के समीप रेल लाइन के नीचे से गुजरने वाले अवरुद्ध नाले का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेल लाइन के दोनों ओर नाला अवरुद्ध है। इसके कारण बारिश के दौरान एसआरसीबी रोड से पानी की निकासी बाधित हो जाती है और क्षेत्र में गंभीर जलजमाव के साथ दुर्गंध की समस्या उत्पन्न होती है।
विधायक गुप्ता ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि रेल लाइन के नीचे अवरुद्ध नाले की सफाई करवाकर जल निकासी को सुचारु बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान लोगों को जलजमाव से राहत मिल सके। इस दौरान उनके साथ मनमोहन सिकरिया, नवल किशोर मोर और मुरारी जोशी भी मौजूद थे।
इसके बाद विधायक ने तीन नंबर रेल गेट स्थित एलओजी स्कूल का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्यों की सराहना की और विद्यालय परिचालन समिति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय को आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
विद्यालय परिचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष कयाल ने विधायक विजय गुप्ता का स्वागत करते हुए बताया कि वर्ष 2027 में विद्यालय अपनी स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मनाएगा। उन्होंने विधायक को समारोह में मुख्य संरक्षक के रूप में मनोनीत किए जाने की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे और उन्होंने विधायक के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास तथा आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की।



.png)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें