पुलिस, प्रशासन, पत्रकारों और विसर्जन कार्य में जुटे श्रमिकों सहित करीब 5,000 लोगों ने ग्रहण किया भोजन
गुवाहाटी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर श्री श्री भीमाशंकर सेवा समिति, बेलतला की ओर से फैंसी बाजार स्थित ब्रह्मपुत्र नदी के लाचित घाट पर अन्नपूर्णा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। समिति ने विसर्जन व्यवस्था में जुटे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, आपदा प्रबंधन दलों, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा दल, पत्रकारों और श्रमिकों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की।
समिति के अनुसार, इस सेवा का लाभ करीब 5,000 लोगों ने उठाया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान देर रात तक ड्यूटी में जुटे विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अन्य सेवाकर्मियों के लिए यह पहल विशेष रूप से उपयोगी रही।
श्री श्री भीमाशंकर सेवा समिति पिछले 10 वर्षों से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान लाचित घाट पर लगातार अन्नपूर्णा सेवा शिविर आयोजित करती आ रही है। समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ सेवा और मानव कल्याण की भावना को बढ़ावा देना है।
समिति की ओर से वर्षभर विभिन्न धार्मिक अवसरों पर भी सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। सावन के पूरे महीने भीमाशंकर महादेव मंदिर के समीप निःशुल्क भंडारा लगाया जाता है। महाशिवरात्रि पर भंडारे के साथ फलाहार प्रसाद की व्यवस्था की जाती है, जबकि अधिक मास के दौरान पूरे महीने निःशुल्क भंडारे का आयोजन होता है।
प्रसिद्ध अंबुवासी मेले के दौरान कामाख्या रेलवे स्टेशन के समीप समिति लगातार पांच दिनों तक वृहद भंडारा आयोजित करती है। इसके अलावा, गया में पितृपक्ष के अवसर पर भी समिति की ओर से 15 दिवसीय निःशुल्क अन्न भंडारा लगाया गया था।
समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंदों और सेवा कार्यों में जुटे लोगों की सहायता करना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें