विधायक शशिकांत दास सहित विभिन्न संस्थाओं, दल-संगठनों ने जताया शोक; पत्रकार साथियों ने दी श्रद्धांजलि
रिपोर्ट: सोयल खेतान, रोहा
रोहा। रोहा के राजागांव निवासी, रोहा पत्रकार संघ के पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार पंकज बोरा (52) के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन के शोक में मंगलवार शाम 4 बजे से रोहा के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
पंकज बोरा वर्ष 2018 से 2026 तक रोहा आंचलिक पत्रकार संघ के सचिव रहे। इसके अलावा वे अखिल कोच राजवंशी छात्र संघ की नौगांव जिला समिति के अध्यक्ष, रोहा पुरानीचारिआली दुर्गोत्सव प्रचार उपसमिति के उपाध्यक्ष, रोहा रहदै बारोबारी युवक संघ दुर्गोत्सव समिति के सलाहकार, रोहा राजागांव उन्नयन समिति एवं युवक संघ के उपाध्यक्ष तथा शंकर-माधव कॉलोनी, रोहा के अध्यक्ष सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े रहे।
जातीयतावादी आंदोलन से जुड़े पंकज बोरा मानव अधिकार संग्राम समिति (मास) के कार्यकर्ता भी रहे। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के पंकज बोरा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें पहले नौगांव और बाद में गुवाहाटी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। दोपहर करीब एक बजे पार्थिव शरीर गुवाहाटी से रोहा स्थित उनके निवास पर पहुंचा। यहां सैकड़ों स्थानीय लोगों, विभिन्न संस्थाओं, दल-संगठनों के प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन भी रखा गया।
इसके बाद रोहा नगरपालिका के पुष्पों से सजे शव वाहन में पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा के दौरान पार्थिव शरीर को रोहा पत्रकार संघ कार्यालय भी ले जाया गया, जहां साथी पत्रकारों ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
पंकज बोरा के निधन पर रोहा के विधायक शशिकांत दास, रोहा नगरपालिका की अध्यक्ष वंती हजारिका, उपाध्यक्ष अनिमा दास, रोहा आंचलिक आसू, तिवा छात्र संघ, रोहा आंचलिक तिवा सांस्कृतिक समाज, ट्राइबल संघ, मध्य असम कोच राजवंशी नौगांव जिला रोहा आंचलिक समिति, रोहा अजायुछाप, रोहा पुरानीचारिआली एवं रहदै बारोबारी युवक संघ दुर्गोत्सव समिति, राजागांव नामघर उन्नयन समिति, रोहा शाखा साहित्य सभा, पत्रकार कल्याण न्यास, असम, रोहा बंगाली समाज, रोहा बिहू मेला, मानव अधिकार संग्राम समिति, रोहा व्यवसाय संघ, रोहा पत्रकार संघ, अखिल असम प्रगतिशील महिला संघ की राज्य, नौगांव जिला एवं बूथ कमेटी, रोहा आंचलिक टाई आहोम छात्र संघ, मारवाड़ी समाज सहित विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
विभिन्न समन्वय एवं आत्मसहायक समूहों तथा जीविका बहुमुखी सहकारी समिति सहित अन्य संगठनों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
पंकज बोरा अपने पीछे मां, पत्नी, भाई, पुत्र, पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें