कंचकंती मंदिर में पूजा-अर्चना की, विभिन्न दुर्गा पूजा मंडपों में श्रद्धालुओं से मिले
रिपोर्ट: मदन सिंघल
सिलचर। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमन्त बिश्व शर्मा ने महाष्टमी के अवसर पर सोमवार को सिलचर और आसपास के विभिन्न मंदिरों एवं दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवी दुर्गा के चरणों में पुष्प अर्पित कर राज्य की जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन से पूजा स्थलों पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री उधारबंद स्थित पारंपरिक कंचकंती मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने मां कंचकंती की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने सिलचर के प्रसिद्ध दुर्गा पूजा स्थलों में शामिल मिताली संघ क्लब के पूजा मंडप का दौरा किया। यहां उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन किए और पूजा आयोजकों से बातचीत की। क्लब की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सिलचर शहर के कई भव्य दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। उनके आगमन पर पूजा समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। महाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने पूजा स्थलों के माहौल को और जीवंत बना दिया।
इस दौरे के दौरान असम सरकार के मंत्री कौशिक रॉय और कृष्णेंदु पाल, सांसद कनाद पुरकायस्थ, विधायक राजदीप ग्वाला और किशोर नाथ, डॉ. राजदीप रॉय सहित कई प्रमुख हस्तियां मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
महाष्टमी के दिन मुख्यमंत्री का सिलचर दौरा और विभिन्न पूजा पंडालों में उनकी उपस्थिति ने दुर्गोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल में विशेष आकर्षण जोड़ा।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें