गुवाहाटी, 22 सितम्बर - अमीनगांव के राजीव गांधी स्टेडियम में इन दिनों चल रहे अतिरूद्रयज्ञ मैं श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। इस कड़ी में आज सुबह सहस्त्र चंडी पाठ का आयोजन किया गया। इस कार्य को कर्नाटक और केरल से आए विद्वान पंडितों ने संपन्न कराया। असम के वित्त मंत्री डॉ. हेमंत विश्व शर्मा ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा में भाग लिया साथ ही विद्वान पंडितों ने उनसे विधिवत रूप से पूजा करवाई। आचार्य विष्णु ने बताया कि करीब 2 घंटे तक सहस्त्र चंडी पाठ का आयोजन किया गया इसके बाद इसकी पूर्णाहुति भी कर दी गई। चंडी पाठ के समापन के साथ ही देवों के देव महादेव भगवान शंकर की ग्यारह मूर्तियां स्थापित कर महारुद्र यज्ञ का जाप शुरू हो गया। इस आयोजन में 200 के करीब विद्वान पंडित मंत्र जाप कर रहे थे। विश्व शांति के लिए किए जा रहे इस यज्ञ में श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। यज्ञ स्थल पर बनी भगवान शिव की विशाल प्रतिमा और शिवलिंग आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भगवान गणेश, भगवान शिव, मां दुर्गा और नंद की प्रतिमा को भी लोग देखकर भक्ति से भाव विभोर हो रहे हैं। यह यज्ञ 25 सितंबर तक चलेगा।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें