डॉ. विशाल ज्योति कलिता को असम प्रांतीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया
गुवाहाटी, 28 अक्टूबर। हमारे देश के नौजवान बहक रहे हैं। बहनो को भ्रमित किया जा रहा है। नेता जब तक चुनाव नहीं जीतते तब तक जनता के होते हैं। चुनाव खत्म होते ही दूर हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिलता। यह बातें नव निर्माण भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा बाबू ओझा ने महेश्वरी भवन में आयोजित एक सभा में असम राज्य इकाई के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। श्री ओझा ने आगे कहा कि हमने जनता को सरकार की योजनाओं का सही लाभ दिलाने के उद्देश्य से नवनिर्माण भारत की स्थापना की है। हमारे संविधान की मुख्य पंक्ति में मातृ शक्ति की सुरक्षा करेंगे इस वाक्य का उल्लेख है। इसके तहत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही हमारा पहला प्रयास है। इससे पहले ओझा ने भारत माता के चित्र और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के चित्र के आगे दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ राष्ट्रीय संरक्षक दिनेश उपाध्याय, राष्ट्रीय महासचिव विनोद भाई सोलंकी, राष्ट्रीय सचिव पूजा गिलानी, नवनियुक्त असम प्रांतीय अध्यक्ष डॉ विशाल ज्योति कलिता, संगठन सचिव धर्मेंद्र दास, नमो नारायणी की राष्ट्रीय अध्यक्षा निकी दाना, राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. प्रमीला उपाध्याय भी उपस्थित थे। सभा में नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष डॉक्टर विशाल ज्योति ने कहा कि नवनिर्माण भारत का उद्देश्य जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का उचित लाभ दिलाना है। इसके अलावा विद्यालय, विधवा आश्रम, अनाथ आश्रम, वृद्ध आश्रम स्थापित करना एवं अन्य सामाजिक कार्य करना भी हमारा उद्देश्य है। समारोह में नव निर्माण भारत की वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया। इस समारोह में असम के प्राय सभी जिलों से प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों की नियुक्ती भी की गई। कार्यक्रम में झारखंड के प्रांतीय अध्यक्ष अजय शर्मा, पश्चिम बंगाल के प्रांतीय अध्यक्ष चंदन जी, दमन द्वीप के प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी भाई पटेल विशेष रूप से उपस्थित थे।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें