गुवाहाटी। राजधानी के गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) के पास स्थित हरिजन कॉलोनी के बच्चों को जुली काकती नामक छात्रा अपने साथियों के साथ मुफ्त में शिक्षा प्रदान कर रही है। जुली काकती का कहना है कि हरिजन कॉलोनी का एक व्यक्ति मेरे घर में प्रतिदिन काम करने आता था। एक दिन उसने अपने साथ अपने बच्चे को भी लेकर आया। मैंने उसके बच्चे से काफी समय तक बात किया तो पता चला कि बच्चा दस वर्ष का है, लेकिन आज तक स्कूल नहीं गया। इस बात से मुझे काफी पीड़ा हुई। मैंने उसके अभिभावक से बात की और कहा कि उस मोहल्ले में कितने बच्चे हैं जो स्कूल नहीं जा रहे हैं।
उसने कहा कि लगभग 30 ऐसे बच्चे हैं जो आज तक स्कूल नहीं गए। यह बात सुनने के बाद मैंने उस इलाके में पहुंचकर वहां के लोगों की मदद से एक कमरा लिया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर बच्चों को पढ़ाने लगी। जुली ने बताया है कि जब हम लोगों का कॉलेज का क्लास समाप्त हो जाता है, तो उसके बाद हम सभी गरीब बच्चों को पढ़ाने के काम में जुट जाते हैं। पढ़ाई के साथ ही बच्चों को नाचना, गाना आदि भी सिखाया जा रहा है। इसमें हमारे दोस्त भी हमारी काफी मदद कर रहे हैं। उसने कहा कि पिछले एक वर्ष से हम इन बच्चों को पढ़ा रहे हैं। आज इस मोहल्ले के बच्चे अब स्कूल जा रहे हैं। साथ ही कहा कि अन्य विद्यार्थियों को भी अपने मोहल्ले के गरीब बच्चों को मुफ्त में शिक्षा प्रदान करनी चाहिए। जुली ने बताया कि हम सभी दोस्त पैसा इकट्ठा कर बच्चों के लिए कॉपी, किताब, कलम आदि खरीदते हैं और उन्हें मुफ्त में देते हैं। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें